वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र से एक विवाहिता के अपहरण का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। विवाहिता के घर आए चार लोगों ने उसे उसकी मां के एक्सीडेंट की जानकारी दी और अपने साथ ले गए। हद तो तब हो गई जब विवाहिता का पति अपने ससुराल पहुंचा तो उसे पता लगा कि उसकी सास का एक्सीडेंट ही नहीं हुआ है और उसकी पत्नी अपने मायके भी नहीं आई है। पति ने पत्नी की काफी खोजबीन की और जब उसका पता नहीं लगा तो चोलापुर थाने में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।
गोसाईपुर मोहांव निवासी भोला राजभर ने बताया कि उस की शादी दो साल पहले मुनारी गांव की माला के साथ हुई थी। बीते 31 मार्च की शाम 6:30 बजे मुनारी गांव के सगे भाई गोलू व करिया, मुकेश और सुरेश उसके घर आए। चारों ने कहा कि माला की माताजी का एक्सीडेंट हो गया है और तुरंत हॉस्पिटल चलना है। भोला ने बताया कि चारों को जानने-पहचानने के कारण वह अपनी पत्नी को उनके साथ भेज दिया।
इसके बाद वह भी अपने पिता के साथ चारों द्वारा बताए गए छित्तमपुर स्थित अस्पताल पहुंचा। अस्पताल में पता लगा कि माला की माताजी आई ही नहीं थी। इसके बाद वह अपने ससुराल जाकर पता किया तो पता लगा कि उसकी सास स्वस्थ हैं और उनका एक्सीडेंट नहीं हुआ है। इसके साथ ही यह भी पता लगा कि माला अपने मायके आई ही नहीं है। माला की काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा। भोला ने कहा कि उसे पूरा विश्वास है कि चारों ने साजिश के तहत उसकी पत्नी का अपहरण किया है। इस संबंध में चोलापुर थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी गई है।