उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में गुरुद्वारे में निहंगों के बीच क्या विवाद हुआ था? पुलिस ने बता दी पूरी सच्चाई

3 Min Read
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में गुरुद्वारे में निहंगों के बीच क्या विवाद हुआ था? पुलिस ने बता दी पूरी सच्चाई

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में हुए विवाद पर लगातार बहस जारी है। स्थिति ऐसी हुई कि मौके पर पुलिस, ITBP और सेना के जवानों को भी तैनात करना पड़ गया। कुछ निहंग सिख शनिवार शाम को नगरासू गुरुद्वारे की तीसरी मंजिल पर चढ़ गए थे। इस दौरान पुलिस, जिला प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति लगातार निहंगों के साथ लगातार बातचीत कर रहे थे। इस दौरान गुरुद्वारे पर कब्जा किए जाने और किसी को बंधक बनाए जाने से संबंधित खबरें भी सामने आई थीं जिसका पुलिस ने साफ तौर पर खंडन कर दिया था। अब इस पूरी घटना को लेकर गढ़वाल के इंस्पेक्टर जनरल राजीव स्वरूप ने बयान जारी किया है और पूरे विवाद की सच्चाई बताई है।

क्यों हुआ विवाद?

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में ‘नागरासू गुरुद्वारा विवाद’ को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। निहंग सिखों के बारे में फैलाई जा रही गलत जानकारी को खारिज करते हुए, गढ़वाल के इंस्पेक्टर जनरल राजीव स्वरूप ने कहा, “यह घटना शुरू में निहंग श्रद्धालुओं और उस गुरुद्वारे के मैनेजमेंट के बीच विवाद के तौर पर शुरू हुई थी, जहां वे लंगर खा रहे थे। बहस के बाद, मैनेजमेंट ने 112 पर कॉल किया, जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ निहंग श्रद्धालु घबरा गए और खुद को इमारत की छत पर बंद कर लिया। उनसे कई दौर की बातचीत हुई।”

‘निहंग श्रद्धालुओं के बीच का आपसी विवाद’

गढ़वाल के IG राजीव स्वरूप ने कहा- “यह मुख्य रूप से गुरुद्वारा मैनेजमेंट और वहां आए निहंग श्रद्धालुओं के बीच का आपसी विवाद है, और खास बात यह है कि मैनेजमेंट के सदस्य भी निहंग समुदाय से ही हैं। हमारे डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) और सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) तुरंत मौके पर पहुंचे, बातचीत की और उन्हें समझाया-बुझाया।”

स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण- IG

IG राजीव स्वरूप ने बताया- “अब स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। हम उन हालात की बारीकी से जांच कर रहे हैं जिनके तहत सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाई गईं और इस घटना को गलत तरीके से कर्णप्रयाग की पिछली झड़प से जोड़ा गया। यह गलत जानकारी जानबूझकर कन्फ्यूजन पैदा करने और चार धाम व हेमकुंड साहिब यात्राओं में बाधा डालने के बुरे इरादे से फैलाई गई थी। मामले की गहन जांच चल रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version