दुनिया से लुप्त हो रहे बटागुर कछुओं की ढोर प्रजाति के 136 नन्हे मेहमान बुधवार और बृहस्पतिवार को चंबल नदी में पहुंच गए। इनमें बुधवार को 3 नेस्ट से जन्मे 56 और बृहस्पतिवार को 5 नेस्ट से जन्मे 80 शिशु शामिल हैं।
बाह के रेंजर उदय प्रताप सिंह ने बताया कि फरवरी और मार्च में कछुओं की साल और ढोर प्रजाति की नेस्टिंग हुई थी। चंबल नदी के किनारे की बालू में नेस्ट बनाकर मादा ने 10 से 30 अंडे दिए थे। अंडों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए लोहे की जाली लगाई गई थी। हैचिंग पीरियड शुरू होते ही जाली हटा ली गई थी। नेस्ट के अंडों से निकले बच्चों को एकत्रित कर चंबल नदी में पहुंचाने में वन विभाग की टीमें जुटी हैं। नेस्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।