यूपी के सुल्तानपुर में शनिवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों का सामना पुलिस से हो गया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा भाग निकला। पकड़े गए बदमाश के पास से असलहा, कारतूस के अलावा 24 किग्रा मांस व खाल मिली है।
मुठभेड़ बल्दीराय थाना क्षेत्र के सहायक शारदा नहर के नादा पुल पर हुई। मुखबिर की सूचना पर देर रात पुलिस ने पुल के पास घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने रुकने को कहा तो वह दोनों भागने लगे। पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग झोंक दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दाहिने पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया।
साथी पुलिस को चकमा देकर फरार इस दौरान दूसरा बदमाश चकमा देकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसे बल्दीराय सीएचसी में भर्ती कराया। उसकी पहचान समीम उर्फ सिविल निवासी नंदौली, बल्दीराय के रूप में हुई। उसके पास से एक असलहा, दो कारतूस, एक बाइक, 24 किग्रा प्रतिबंधित मांस एवं खाल बरामद हुई।
फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित सीओ सौरभ सामंत ने बताया कि पकड़े गए बदमाश ने भागने वाले बदमाश नाम मजूर उर्फ मंजू निवासी नंदौली, बल्दीराय बताया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
24 घंटे में दूसरी बार पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ इससे पहले शनिवार की तड़के गोसाईगंज के इटकौली ईंट-भट्ठे के पास कार सवार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी करके एक बदमाश नौशाद अहमद निवासी खैराबाद, कोतवाली नगर को पकड़ लिया था। उसके पास से असलहा व कारतूस मिला था। जबकि उसके दो साथी भाग निकले थे।