जितेंद्र कुमार, रघबीर यादव, नीना गुप्ता जैसे बेहतरीन कलाकारों से सजी ‘पंचायत’ भारत की सबसे पसंदीदा और सुपरहिट भारतीय वेब सीरीज में से एक है। देश-विदेश में इस सीरीज को लेकर लोगों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। शो का चौथा सीजन कुछ दिन पहले प्राइम वीडियो पर रिलीज हुआ है और इसे अच्छे रिव्यू मिल रहे हैं। अब, एक मेजदार क्रॉसओवर में, ‘पंचायत 4’ के प्रधान जी (रघुबीर यादव) ने प्रियंका चोपड़ा के साथ बातचीत की। साथ ही जॉन सीना और इब्रिस एल्बा के साथ उनकी नई फिल्म ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ की खूब प्रशंसा भी की। इस मजेदार वीडियो में प्रियंका, प्रधान जी से फुलेरा से लौकी भेजने के लिए कहती हैं और यह दावा करती हैं कि न्यूयॉर्क में कहीं नहीं मिलती। ये वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है जो सभी को बहुत पसंद आ रहा है।
प्रियंका चोपड़ा की ये डिमांड पूरी करेंगे प्रधान जी
वीडियो की शुरुआत रघुबीर यादव के किरदार ‘पंचायत’ के प्रधान जी द्वारा अपने फोन पर प्रियंका चोपड़ा स्टारर ‘हेड्स ऑफ स्टेट्स’ देखने से होती है। इसमें वह कहते हैं, ‘सचिव जी, जरा देखिए तो, क्या धमाल मचाया है प्रियंका बिटिया ने। हम शुभकामनाएं दे देते हैं उनको।’ इसके बाद वह वीडियो कॉल पर प्रियंका चोपड़ा से जुड़ते हैं और उन्हें बताते हैं कि फुलेरा गांव को उन पर गर्व है। खुश होकर, भारतीय सिनेमा की देसी गर्ल प्रियंका ने जवाब देते हुए कहा, ‘अरे तो इसी बात पर थोड़ी लौकी यहां भी भेज दीजिए ना। न्यूयॉर्क में कहीं नहीं मिलती।’ प्रधान जी ग्लोबल स्टार प्रियंका से अपना पता मैसेज करने को कहते हैं और फुलेरा से लौकी भेजने का वादा करते हैं। इसके बाद प्रियंका ‘पंचायत’ के बनराकस के अंदाज में कहती हैं, ‘देख रहा है बिनोद? हमारे लिए फुलेरा से लौकी आ रही है।’ एक्ट्रेस प्रियंका ने आगे बताया कि उन्होंने पंचायत सीजन 4 देखा है और उनके लिए तो रिंकी के पापा ही चुनावों के असली स्टार हैं। उन्होंने बताया कि जॉन सीना भी उनके बहुत बड़े फैन हैं।
2026 में पंचायत 5 देगी दस्तक
अमेजन प्राइम वीडियो की सबसे पॉपुलर सीरीज ‘पंचायत’ एक ऐसी सीरीज है जो दर्शकों की पसंदीदा बनी हुई है। 4 सफल सीजन के बाद मेकर्स ने हाल ही में इसके पांचवें सीजन का पोस्टर भी शेयर कर दिया है। साथ ही यह भी बता दिया है कि साल 2026 में ‘पंचायत 5’ रिलीज होगी।