मैनपुरी के करहल थाना पुलिस ने 11 जनवरी को हुई 32 वर्षीय महिला की मौत की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मृतका के प्रेमी मामा ससुर को गिरफ्तार किया है, जिसने प्रेम संबंधों में ईर्ष्या के चलते अपनी बहू की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया था, ताकि पुलिस को आत्महत्या की ओर घुमाया जा सके।
पकड़े गए हत्यारोपी धर्मेंद्र कुमार निवासी मानपुर ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसके अपने भांजे की पत्नी (बहू) के साथ पिछले चार माह से प्रेम संबंध थे। उसे शक था कि वह अपने एक पुराने प्रेमी (पड़ोसी) से अभी भी संपर्क है। आरोपी ने पुलिस को बताया, वह कई बार मना करने के बाद भी पड़ोसी से बात करती थी। 10 जनवरी की रात उसे बात करते देख लिया था, जिसके बाद मैंने उसे मिलने बुलाया। वहां विवाद हुआ और उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
सीओ करहल अजय सिंह चौहान ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार रात धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद उसने मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए मृतका की साड़ी से ही शव को फंदे पर लटका दिया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
यह हुई थी वारदात
मामला 11 जनवरी का है, करहल थाना क्षेत्र के एक गांव में 32 वर्षीय महिला का शव गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर लटका मिला था। शुरुआत में इसे आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम में मौत का कारण गला घोंटकर हत्या की बात सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की दिशा में जांच की थी।

