अलीगढ़ जिले के चंडौस थाने में तैनात दरोगा पर क्वार्सी में तैनात एक महिला सिपाही ने आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाया है। जांच के आधार पर एसएसपी ने दरोगा विनेश वर्मा को निलंबित कर दिया है। इधर, बताया गया है कि दरोगा की इसी माह शादी होने वाली है। इस कार्रवाई की खबर पर परिवार में हड़कंप मच गया है।
मेरठ के मवाना क्षेत्र के दरोगा विनेश वर्मा की वर्तमान में चंडौस थाने में तैनाती है। एक माह पहले तक वह क्वार्सी थाने में तैनात था। इसी दौरान दरोगा का परिचय क्वार्सी में तैनात महिला सिपाही से हो गया। दोनों ने एक दूसरे का मोबाइल नंबर भी ले लिया। इसके बाद वह महिला सिपाही से फोन पर बात करने लगा। अब एसएसपी के पास अपने भाई के साथ शिकायत करने पहुंची महिला सिपाही ने बताया कि उसने दरोगा से संदेश भेजने का विरोध किया था, लेकिन इसके बाद भी वह मेसेज भेजता रहा।
इस आरोप की एसएसपी स्तर से जांच कराई गई। जांच के आधार पर विनेश को निलंबित कर दिया गया है। इधर, विनेश इन दिनों छुट्टी पर गया हुआ है। उसकी इसी माह 21 फरवरी को शादी होनी है। हालांकि, विनेश ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि मेसेज भेजे हैं, लेकिन उसमें आपत्तिजनक कुछ भी नहीं था। वह अपनी शादी की तैयारियों में व्यस्त होने के कारण जांच में अपना पक्ष नहीं रख पाया है। एसएसपी नीरज जादौन बताते हैं कि आरोपों के आधार पर निलंबन कर मामले में विभागीय जांच शुरू कराई गई है। जांच के आधार पर आगे अन्य कार्रवाई तय होगी।
पहले भी लगा था रुपये लेने का आरोप
2023 बैच के दरोगा विनेश की पहली पोस्टिंग मार्च 2024 में चंडौस में हुई थी। करीब 22–23 माह वहां तैनात रहने के दौरान नवंबर 2025 में उन पर रिपोर्ट दर्ज न करने के नाम पर पांच हजार रुपए लेने का आरोप भी लगा था। उस समय सीओ गभाना धनंजय सिंह की जांच में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई थी।

