ओडिशा के मयूरभंज जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां एक युवक की जान सिर्फ इसलिए चली गई क्योंकि एक जिंदा मछली उसके गले में फंस गई। घटना शुक्रवार की है, जो डिघी गांव में घटी। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी अविनाश बिजुली के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अविनाश सुबह के समय गांव के एक तालाब में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान उन्होंने ‘काउ’ यानी ‘इंडियन कोई’ मछली पकड़ी। बताया जा रहा है कि मछली को फिसलने से बचाने के लिए उन्होंने उसे अपने मुंह में रख लिया, लेकिन यही छोटी सी लापरवाही जानलेवा बन गई।
श्वास नली में फंस गई थी मछली
जानकारी के मुताबिक मुंह में रखी हुई मछली जिंदा थी और वह फड़फड़ाने लगी। धीरे-धीरे मछली युवक के गले के अंदर चली गई। कुछ ही सेकंड में मछली उसकी श्वास नली में फंस गई, जिससे उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हालत तेजी से बिगड़ती चली गई। आखिरकार दम घुटने की वजह से उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। मृतक के चाचा बंकिम चंद्र बिजुली ने बताया, “आज मेरा भतीजा डिगीबंधा में मछली पकड़ रहा था, तभी अचानक ‘काउ’ मछली उसके गले में फंस गई। हम तुरंत उसे बंगिरिपोसी मेडिकल लेकर गए, लेकिन वहां डॉक्टर का व्यवहार ठीक नहीं था। उन्होंने ठीक से इलाज करने के बजाय रेफर करने की धमकी दी।”
लापरवाही जान पर पड़ी भारी
इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि यह भी दिखाया कि छोटी सी असावधानी कितनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों में इस हादसे के बाद डर और आक्रोश दोनों का माहौल है। यह घटना सभी के लिए एक बड़ी सीख है कि किसी भी स्थिति में ऐसी लापरवाही न करें, खासकर जब बात जिंदा चीजों को संभालने की हो। छोटी सी गलती भी जानलेवा साबित हो सकती है।

