यूपी डायल-112 पर फोन कर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
भोगनीपुर थाना क्षेत्र की देवीपुर चौकी के प्रभारी अतेंद्र कुमार ने बताया कि एक जून को दोपहर 2:21 बजे पीआरबी देवीपुर में तैनात सिपाही श्याममिलन को सूचना मिली कि कानपुर नगर के रेउना क्षेत्र के मखौली गांव निवासी राममिलन ने डायल-112 पर कॉल कर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को जान से मारने की धमकी दी है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू की गई। इसके बाद देवीपुर चौकी प्रभारी की ओर से भोगनीपुर थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम लगा दी है और कॉल के संबंध में तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

