यूपी में इस वक्त मौसम गजब ढा रहा है। पिछले कुछ दिन से बारिश नहीं हुई है, इसलिए फिलहाल जबरदस्त हीटवेब चल रही है। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम बदलने की बात कही जा रही है। लेकिन अभी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री तक जाने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच बुधवार यानी 10 जून को यूपी का मौसम कैसा रह सकता है, ये अभी से जान लीजिए, ताकि जब आप घर से निकलें तो कोई ज्यादा दिक्कत ना हो।
यूपी में जबरदस्त गर्मी, मानसून का इंतजार
उत्तर प्रदेश में भयंकर गर्मी से पीड़ित लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं। बीच बीच में बारिश से हल्की राहत तो मिलती है, लेकिन दो से तीन दिन बाद फिर से लू के थपेड़ों ने जीना मुहाल कर दिया है। सुबह करीब आठ बजे जैसे ही सूरज थोड़ा ऊपर आता है, गर्मी का प्रकोप शुरू हो जाता है। शाम सात बजे जब धूप ढलती है, उसके बाद भी गर्म हवाओं का सिलसिला चलता रहता है। देर रात तक गर्मी का अहसास होता है। कुछ जगह का तापमान तो इतना ज्यादा हो गया है कि पंखे को छोड़ दीजिए, कूलर भी फेल साबित हो रहे हैं।
कुछ जगह 45 डिग्री तक जा सकता है अधिकतम तापमान
अब अगर बुधवार यानी 10 जून के मौसम की बात की जाए तो जैसा कि हमने पहले ही बताया कि पश्चिमी यूपी में तापमान 42 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं पूर्वी यूपी की बात की जाए तो यहां भी उमस और गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाने का काम करेगी। राजधानी लखनऊ का तापमान 42 डिग्री तक रह सकता है, वहीं नोएडा का पारा 44 डिग्रीत कि जाने की आशंका जताई जा रही है। आगरा में भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इस बीच अच्छी बात ये है कि कुछ इलाकों में प्री मानसूनी बारिश और आंधी तूफान की भी संभावना है। दूसरे सप्ताह में काफी हद तक मौसम बदल सकता है।
उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना, तेज हवा और आंधी भी आ सकती है पूर्वी यूपी के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, वाराणसी मंडल के कुछ हिस्से में शाम के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है। पश्चिमी यूपी की बात की जाए तो यहां पर मौसम शुष्क रहेगा। इस बीच कहीं-कहीं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। तराई क्षेत्र की बात की जाए तो पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और बहराइच में भी छिटपुट बारिश हो सकती है। हालांकि बारिश इतनी नहीं होगी कि जिससे राहत की सांस ली जाए। हल्की बारिश से कुछ देर तक तो अच्छा लगेगा, लेकिन उसके बाद फिर वैसा ही हाल जो जाएगा। उमस और बढ़ने की भी बात सामने आ रही है।

