भारत के 15 साल के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी 12 जुलाई को पहली बार विंबलडन का फाइनल मैच देखने पहुंचे। वह सेंटर कोर्ट में मेंस सिंगल्स का फाइनल मुकाबला देखने गए थे, जहां उनके साथ भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन भी मौजूद थे। विंबलडन से बातचीत में वैभव ने कहा कि वह फाइनल मैच का माहौल और खिलाड़ियों के खेल को बहुत करीब से देखना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनके लिए एक बहुत ही खास और कभी न भूलने वाला अनुभव है। इस दौरान उन्होंने अपने फेवरेट टेनिस प्लेयर के नाम का भी खुलासा किया।
विंबलडन फाइनल को लेकर वैभव सूर्यवंशी ने क्या कहा?
वैभव ने जियोहॉटस्टार पर बताया कि मैं यहां फाइनल मुकाबला देखने आया हूं। मैं यह अनुभव करना चाहता हूं कि स्टेडियम में बैठकर लाइव मैच देखना और फाइनल में खिलाड़ियों को खेलते देखना कैसा लगता है। यह सच में एक बहुत बढ़िया अनुभव होगा। युवा खिलाड़ी ने आगे कहा कि वह पिछले चार-पांच सालों से टेनिस खेल को देख रहे हैं। उन्होंने नोवाक जोकोविच और राफेल नडाल का नाम लेते हुए बताया कि बचपन से ही ये दोनों उनके सबसे पसंदीदा खिलाड़ी रहे हैं।
वैभव ने बताया अपने फेवरेट टेनिस प्लेयर का नाम
अपने फेवरेट टेनिस प्लेयर को लेकर वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि मैं नडाल और जोकोविच को बहुत देखता था। मुझे जोकोविच बहुत पसंद हैं और इन दोनों खिलाड़ियों को मैं सबसे ज्यादा फॉलो करता था। जब उनसे पूछा गया कि आज के दौर के नए खिलाड़ियों में उन्हें कौन सबसे अच्छा लगता है, तो उन्होंने विंबलडन फाइनल में खेल रहे दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी यानिक सिनर का नाम लिया और कहा कि वह चाहते हैं कि सिनर ही यह मैच जीतें। वैभव ने कहा कि मुझे सिनर बहुत पसंद आया, जिस तरह से उसने पूरे टूर्नामेंट में दबदबा बनाया। उम्मीद है वह आज जीतेगा।
यानिक सिनर ने जीता विंबलडन का खिताब
दुनिया के सबसे बेहतरीन टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने एक बार फिर कमाल कर दिया है। उन्होंने लगातार दूसरी बार टेनिस का सबसे बड़ा टूर्नामेंट विंबलडन जीत लिया है। 12 जुलाई को खेले गए फाइनल मैच में उन्होंने जर्मनी के खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराया। इस बड़ी जीत के साथ ही सिनर के नाम अब 5 ग्रैंड स्लैम हो गए हैं। फाइनल में सिनर ने अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-7(7), 7-6(2), 6-3, 6-4 से हराया।

