NEET पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर 34 वें दिन भी प्रोटेस्ट जारी है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर मंतर पर मौजूद हैं, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी हैं। जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन और हिंसा का असर दिल्ली में आस-पास के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। आज कनॉट प्लेस (CP) में सभी दुकानें और रेस्टोरेंट शाम 6.30 बजे तक बंद हो जाएंगे। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) द्वारा सभी दुकानों, दफ्तरों और रेस्तरां को शाम 6.30 बजे तक बंद करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
NDMC की एडवाइजरी में क्या?
नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने एडवाइजरी जारी कर कहा है, ”कनॉट प्लेस के आसपास की नाजुक स्थिति को देखते हुए, यह सख्त निर्देश दिया गया है कि कनॉट प्लेस, नई दिल्ली के सभी दुकानें और प्रतिष्ठान, जिनमें कार्यालय और रेस्टोरेंट भी शामिल हैं, आज यानी 23 जुलाई को शाम 6.30 बजे तक निश्चित रूप से बंद हो जाने चाहिए। सभी प्रतिष्ठान मालिकों से अनुरोध है कि वे सहयोग करें और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने तथा खुद को संपत्ति के नुकसान व चोट से बचाने के लिए उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।”
4 दिनों से बाजार में पसरा सन्नाटा
बता दें कि सामान्य दिनों में कनॉट प्लेस की दुकानें सुबह 10 बजे से खुलती हैं और देर रात बंद होती हैं। लेकिन विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली के प्रमुख शॉपिंग और व्यावसायिक केंद्र कनॉट प्लेस व जनपथ बाजार में कारोबार पूरी तरह ठप हो गया है। कनॉट प्लेस से सटे मार्गों पर रेस्टोरेंट, होटल, दुकानें और आउटलेट्स का व्यवसाय भी नाममात्र का रह गया है। चार दिनों से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही शून्य के बराबर है।
कौन-कौन से मेट्रो स्टेशन बंद?
सुरक्षा को देखते हुए जंतर-मंतर के आसपास भी कड़ी निगरानी बढ़ा दी गई है और दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। इससे पहले बुधवार को भी दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन बंद कर दिए गए थे। DMRC ने इस कदम के पीछे सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। अब गुरुवार को DMRC ने बताया है कि नीचे बताए गए मेट्रो स्टेशन सुबह 07:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
1. लोक कल्याण मार्ग
2. राजीव चौक
3. पटेल चौक
4. रामकृष्ण आश्रम मार्ग
5. बाराखंभा रोड
6. सुप्रीम कोर्ट
7. सेवा तीर्थ
8. जनपथ
9. मंडी हाउस
10. सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
11. ITO
12. दिल्ली गेट
13. इंद्रप्रस्थ
14. खान मार्केट
15. जोर बाग
16. शिवाजी स्टेडियम
17. झंडेवालान
संसद मार्ग और जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के कारण तनाव और सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इससे इलाके के सामान्य कामकाज और ट्रैफिक पर काफी असर पड़ा है।
वहीं, पेपर लीक को लेकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान भी आया। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के युवाओं को भरोसा दिलाया कि युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री ने पेपर लीक मामले की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की बात भी कही।

