लखीमपुर खीरी के पलियाकलां क्षेत्र में निघासन-पलिया मार्ग पर इटाइया चौराहे के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे पानी से भरी खंती में पलट गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। हादसे के बाद कार सवार मौके से भाग गए। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार शाम 6:30 बजे घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने लोकेंद्रपुर थाना मझगई निवासी रामबेटी (65) पत्नी राधेश्याम और सुजीत मौर्य (28) पुत्र लक्ष्मीचंद्र मौर्य को मृत घोषित कर दिया। लोकेंद्रपुर निवासी श्रीराम (42) पुत्र गुलाब को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

