पालघर: नाशिक जिले के दिंडोरी में खेत के एक कुएं में कार गिरने की ताजा घटना के बाद अब पालघर जिले के नालासोपारा में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक कार के कुएं में गिरने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सोमवार दोपहर नालासोपारा पूर्व क्षेत्र में यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि दमकल विभाग के जवानों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया, जिससे कार में सवार दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार सवार लोगों को कुएं के अंदर से रेस्क्यू करते हुए देखा जा सकता है।
संतोषी माता मंदिर के पास हुआ हादसा
दरअसल, यह घटना नालासोपारा पूर्व क्षेत्र के वालईपाड़ा स्थित संतोषी माता मंदिर के पास हुई। दोपहर में एक सेंट्रो कार चालक का नियंत्रण छूटने से कार अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे बने कुएं में जा गिरी। कार में चालक और उसका एक साथी सवार था। कार के कुएं में गिरने की तेज आवाज सुनते ही आसपास के नागरिक मदद के लिए दौड़ पड़े। पूर्व नगर सेवक सचिन देसाई ने तुरंत वसई-विरार महानगरपालिका के दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और कुएं में सीढ़ी उतारी।
कार सवार लोगों को किया गया रेस्क्यू
वहीं करीब 30 से 40 फीट गहरे कुएं में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षा बेल्ट की मदद से बाहर निकाला गया। कुएं में गिरने से दोनों घायल हो गए थे, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल गर्मी के दिनों के कारण कुएं का जलस्तर काफी नीचे था। कुएं में पानी नहीं होने से कार डूबी नहीं और बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया, ऐसी प्रतिक्रिया स्थानीय नागरिकों ने दी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार को कुएं के अंदर देखा जा सकता है। वहीं दमकल विभाग ने कार सवार लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला।

