यातायात व्यवस्था शुक्रवार को पटरी से उतरी नजर आई। हाईवे से लेकर शहर के आंतरिक मार्गों तक लोग घंटों जाम में जूझे। विशेषकर भगवान टॉकीज से सिकंदरा और
मदिया कटरा से दिल्ली गेट मार्ग पर स्थिति अधिक खराब रही। यहां पांच मिनट का सफर तय करने में लोगों को 25 मिनट से अधिक लगा।
सुबह से ही भगवान टॉकीज चौराहे पर अतिक्रमण और सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहर होते-होते मेट्रो कार्य हो रहे स्थानों पर मुसीबत बढ़ गई। आईएसबीटी से लेकर गुरुद्वारा गुरु का ताल तक मेट्रो निर्माण की वजह से रास्ता संकरा होने से भारी वाहन और कारें फंस गईं।
सर्विस रोड पर दोनों दिशाओं से आ रहे वाहनों के कारण स्थिति और विकट हो गई, जो देर शाम तक बनी रही। मदिया कटरा से दिल्ली गेट मार्ग पर दोपहर 1 से 2 बजे के बीच हालात बेकाबू हो गए। स्कूलों की छुट्टी के समय स्कूली बसों और अभिभावकों के वाहनों के दबाव के बीच सड़क किनारे स्थित अस्पतालों और कार गैराज के बाहर खड़ी गाड़ियों ने रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के प्रयासों के बावजूद एक घंटे तक एंबुलेंस और आम लोग जाम में फंसे रहे।
शाम ढलते ही जाम का केंद्र लोहामंडी चौराहा, कोठी मीना बाजार और मदिया कटरा मार्ग बन गया। यहां वाहनों की बेतरतीब कतारों ने यातायात को पूरी तरह थाम दिया। शहरवासियों का कहना है कि अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक जाम की यह समस्या बनी रहेगी।

