Amroha Police: दुष्कर्म के सात घंटे बाद आरोपी के घर चला बुलडोजर, 72 घंटे में चार्जशीट, दूसरे दिन गिरफ्तारी

2 Min Read
Amroha Police: दुष्कर्म के सात घंटे बाद आरोपी के घर चला बुलडोजर, 72 घंटे में चार्जशीट, दूसरे दिन गिरफ्तारी

रहरा थानाक्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के बाद त्वरित कार्रवाई की पुलिस की रफ्तार कायम है। वारदात के 72 घंटे के भीतर बृहस्पतिवार को चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर दी गई। सोमवार को दरिंदगी कर भागे आरोपी के घर पर सात घंटे में बुलडोजर कार्रवाई कर पुलिस ने मंगलवार सुबह उसकी गिरफ्तारी में कामयाबी हासिल कर ली थी।

दरिंदगी की शिकार बच्ची अनुसूचित वर्ग की और आरोपी दूसरे समुदाय का देख पुलिस ने कार्रवाई के लिए पहले कदम से ही तेजी पकड़ ली थी। जिला मुख्यालय से एसपी लखन सिंह यादव खुद मौके पर पहुंचे थे। दोपहर दो बजे हुई वारदात में बिना देरी एफआईआर दर्ज की गई और आरोपी के गिरफ्त में न आने पर शाम सात बजे उसके दरवाजे पर दो बुलडोजर खड़े करके सरेंडर के लिए चेताया था।

फिर भी पकड़ में न आने पर रात नौ बजे मकान के उस भाग पर बुलडोजर चलवा दिया था, जो आरोपी के हिस्से का था। इस बाबत एसडीएम ने कहा था कि मकान के उस हिस्से को ध्वस्त किया गया है जो अवैध निर्माण था। धर-पकड़ के लिए लगीं पुलिस टीमें मंगलवार सुबह आरोपी को दबोचने में सफल हो गई थीं।

उसे जेल भेजने के साथ विवेचना से लेकर साक्ष्य संकलन तक की सभी जरूरतें पूरी करते हुए वारदात के 72 घंटे के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी गई। एसपी ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य तथा अन्य कानूनी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी की गईं।

आरोपी के खिलाफ मात्र 72 घंटे के भीतर आरोप पत्र तैयार कर बृहस्पतिवार को कोर्ट में दाखिल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अब आरोपी को शीघ्र सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version