आईपीएल 2023 के 16वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स की भिड़ंत मुंबई इंडियंस के साथ होगी। दिल्ली इस सीजन हार की हैट्रिक लगा चुकी है और वॉर्नर एंड कंपनी को पहली जीत की तलाश है। रोहित शर्मा की कप्तानी में खेल रही मुंबई इंडियंस का भी हाल बेहाल है। टीम ने अब तक खेले दोनों ही मैचों में हार का मुंह देखा है।
दिल्ली और मुंबई के बीच आईपीएल 2023 का यह रोमांचक मुकाबला अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दिल्ली अपने घरेलू मैदान पर सीजन की पहली जीत का स्वाद चखना चाहेगी। दूसरी ओर, पांच बार की चैंपियन मुंबई भी जीत का खाता खोलने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
अरुण जटेली में बल्लेबाजों का रहता है बोलबाला
अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। छोटी बाउंड्री होने के चलते इस मैदान पर जमकर चौके-छक्कों की बरसात होती है। गेंदबाजों के लिए इस ग्राउंड पर रन रोकना बेहद मुश्किल काम होता है। ऐसे में दिल्ली और मुंबई के दमदार बैटिंग लाइनअप को देखते हुए इस मुकाबले में चौके-छक्कों की जमकर बारिश हो सकती है।