मुजफ्फरपुर में पत्नी की हत्या के आरोप में BDO गिरफ्तार, कई दिनों से फरार था आरोपी पति

3 Min Read
मुजफ्फरपुर में पत्नी की हत्या के आरोप में BDO गिरफ्तार, कई दिनों से फरार था आरोपी पति

बिहार के मुजफ्फरपुर में 3 जुलाई को हुई एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद से आरोपी पति फरार चल रहा था। आरोपी मनोज कुमार दरभंगा जिले के जाले ब्लॉक का BDO एक ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर है। पुलिस ने आरोपी को पत्नी की कथित तौर पर दहेज के लिए हत्या करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान मनोज कुमार ने दावा किया कि उनकी पत्नी ने कोई जहरीली चीज खाकर आत्महत्या कर ली। कुमार की पत्नी अमृता 3 जुलाई को मुजफ्फरपुर में अपने मिठनपुरा स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं। 

मृतका को दहेज के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित

मुजफ्फरपुर के सिटी SP मोहिबुल्लाह अंसारी ने पीटीआई को बताया, ‘घटना के बाद मृतक महिला के घरवालों ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद अमृता को बार-बार दहेज के लिए परेशान किया जाता था। कुमार और उनके परिवार वाले अमृता से 10 लाख रुपये के दहेज की मांग कर रहे थे। 

मृतका की मां ने पति पर दूसरे महिला से संबंध का लगाया आरोप

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि अमृता की शादी वर्ष 2023 में मनोज कुमार से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उनका आरोप है कि बीडीओ का किसी दूसरी महिला से संबंध था और इसका विरोध करने पर अमृता के साथ मारपीट की जाती थी। मां ने आरोप लगाया कि इसी साजिश के तहत उनकी बेटी को जहर देकर मार दिया गया। 

आरोपी पति गिरफ्तार 

SP ने बताया कि घटना के बाद कुमार छिप गए थे और उनका मोबाइल फोन भी बंद चल रहा था, पुलिस लगातार पकड़ के लिए छापेमारी कर रही थी और पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार कर लिया। पुलिस आरोपी दहेज मांगने, महिला को प्रताड़ित करने और कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफ़ेयर के बारे में भी जांच कर रही है। आरोपी पति का मोबाइल और घटनास्थल से इकट्ठा किए गए सभी सबूत फ़ोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। जिससे घटना का सही कारण और परिस्थितियां साफ हो जाएंगी।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version