हमीरपुर में खूनी खेल: चचेरे भाइयों की पैरवी करने गए ठेकेदार की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, इस बात की थी नाराजगी

3 Min Read
हमीरपुर में खूनी खेल: चचेरे भाइयों की पैरवी करने गए ठेकेदार की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, इस बात की थी नाराजगी

जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड कस्बे में बुधवार शाम भूमि विवाद की रंजिश में सिंचाई विभाग के ठेकेदार की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। मृतक पड़ोसी चचेरे भाइयों के भूमि विवाद में पैरवी करता था। राठ से लौटते समय नहर किनारे रास्ता रोक दो भाइयों ने उनपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

गोहांड कस्बे के कमलानगर मोहल्ला निवासी देशराज राजपूत (65) पुत्र परमलाल खेती-किसानी के साथ सिंचाई विभाग में ठेकेदारी का कार्य करते थे। उनके बेटे कमलेश ने बताया कि बुधवार को उनके पिता पड़ोसी नरेंद्र पुत्र प्रकाश के साथ किसी कार्य से राठ तहसील गए थे। नरेंद्र और उसके भाइयों का आरोपी पक्ष से भूमि विवाद चल रहा था। उनके पिता कई बार नरेंद्र के साथ तहसील और अन्य स्थानों पर जाते थे तथा उसके मामले की पैरवी भी करते थे। बताया कि शाम करीब 6:45 बजे दोनों लोग बागीपुरा होते हुए गोहांड लौट रहे थे। राठ-उरई मार्ग से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जलालपुर शाखा नहर के पास कच्चे रास्ते पर पहले से मौजूद चरन सिंह व राजेंद्र ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि दोनों भाइयों ने कुल्हाड़ी से देशराज पर हमला कर दिया। सिर, हाथ और पैरों पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कमलेश ने बताया कि आरोपियों का उनके पिता से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। आरोपी पक्ष नरेंद्र और उसके भाइयों के साथ चल रहे भूमि विवाद में उनके पिता के सहयोग और पैरवी से नाराज रहता था। घटना के समय नरेंद्र भी मौके पर मौजूद था लेकिन हमला होते ही वह जान बचाकर वहां से भाग निकला।

मृतक के बेटे बताया कि उनके पिता वर्षों से सिंचाई विभाग में ठेकेदारी का कार्य करते थे। वह खेती-किसानी भी करते थे। उनके नाम करीब चार बीघा भूमि बागीपुरा मौजा में है। उनके पिता नहर क्षेत्र के कार्यों में भी जुड़कर ठेकेदारी करते रहते थे। घटना की सूचना पर सीओ सरीला शाहरुख खान और जरिया थाना प्रभारी दिनेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी आरोपी अपने साथ ले गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version