बहन के प्रेमी को भाई ने उतारा मौत के घाट, बहाने से बुलाया और फिर चाकू घोंपकर कर दी हत्या

3 Min Read
बहन के प्रेमी को भाई ने उतारा मौत के घाट, बहाने से बुलाया और फिर चाकू घोंपकर कर दी हत्या

मामला दिल्ली के बदरपुर इलाके का है। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस वारदात की वजह प्रेम प्रसंग है। लड़के ने अपनी बहन के प्रेमी को सबक सिखाने के लिए उसे जाल बिछाकर बुलाया। नाबालिग मौके पर अपने तीन दोस्तों के साथ पहुंचा। जिसके बाद दोनों पक्षों की खूब कहासुनी हुई। इसी बीच लड़की के भाई ने नाबालिग पर चाकू से वार कर दिया। वार इतना जोरदार था कि इलाज के दौरान 17 साल के नाबालिग की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, घटना 12 जुलाई की रात करीब 8 बजे की है। मोलड़बंद एक्सटेंशन का रहने वाला एक नाबालिग लड़का किसी लड़की से रिलेशनशिप में था। लेकिन लड़की के भाई को यह बात पसंद नहीं थी। उसने अपने बहन के प्रेमी को सबक सिखाने के लिए उसे धोखे से मोलड़बंद के पांडे मेडिकल स्टोर के पास बुलाया। नाबालिग लड़का अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। मौके पर दोनों पक्षों के बीच काफी बहस और कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि दूसरे पक्ष ने धारदार चाकू से नाबालिग के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। जिससे पीड़ित की हालत काफी गंभीर हो गई। ये देख आरोपी मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ लड़के को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए तुरंत एम्स (AIIMS) ट्रामा सेंटर ले जाया गया। लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान लड़के की मौत हो गई। 

इस मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

बदरपुर थाना पुलिस को जैसे ही इस वारदात की जानकारी मिली तो पुलिस टीम तुरंत एक्टिव हो गई। क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत जुटाए और हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, नए अपडेट साझा किए जाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version