Delhi Police Special Cell Arms Bust: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर ड्रोन और बॉर्डर रूट के जरिए भारत लाई गई अत्याधुनिक हथियारों की खेप बरामद की है। इस मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों में जिगाना और ग्लॉक जैसी विदेशी पिस्टल शामिल हैं। कुल 23 अत्याधुनिक हथियार और 92 कारतूस जब्त किए गए हैं। इसके अलावा बिहार के मुंगेर में बने देसी हथियार भी बरामद हुए हैं।
ISI से जुड़े हथियार सप्लाई नेटवर्क के तार
जांच में सामने आया है कि यह हथियार दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और अन्य राज्यों के गैंगस्टर्स व असामाजिक तत्वों तक पहुंचाए जाने थे। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान के हथियार सप्लायरों और आईएसआई से जुड़े हुए हैं।
बांग्लादेश में बैठा शाहबाज ऑपरेट कर रहा नेटवर्क इस पूरे मॉड्यूल को यूपी के खुर्जा का निवासी शाहबाज अंसारी संभाल रहा है। शाहबाज अंसारी, फिलहाल बांग्लादेश में है और वहीं से ऑपरेट कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, शाहबाज का चाचा रेहान अंसारी भी शामिल हैं। रेहान दुबई में बैठा हुआ है।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी आया था नाम
शाहबाज अंसारी का नाम पहले पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी सामने आ चुका है। उस मामले में गिरफ्तारी के बाद जमानत पर छूटकर वह बांग्लादेश फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी नेपाल और पंजाब बॉर्डर के रास्ते हथियारों की सप्लाई करते थे। राहिल अंसारी, जो शाहबाज का कजिन है, भारत में हथियारों की खेप रिसीव करता था।
पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी स्पेशल सेल
वहीं, दिल्ली के मौजपुर का निवासी फरदीन, यूपी के आजमगढ़ निवासी विशाल सिंघानिया और जौनपुर का अहमद इन हथियारों को आगे बेचने का काम करते थे। स्पेशल सेल अब पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

