केरल में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। नेताओं की बयानबाजी के साथ ही कार्यकर्ताओं के घर पर हमले भी हो रहे हैं। कन्नूर के काथिरूर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक कार्यकर्ता के घर पर विस्फोटक फेंका गया है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
तेज धमाके के साथ फटा विस्फोटक पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात काथिरूर के पास कोंकाची इलाके में मजीशा पथायाकुन्नु के आवास पर हुई। प्राथमिकी के मुताबिक, रात करीब 8:50 बजे दो अज्ञात व्यक्ति मजीशा के घर के पास पहुंचे और उनसे अभद्र भाषा में बात की। इसके बाद उन्होंने एक विस्फोटक फेंका, जो तेज धमाके के साथ फट गया।
फॉरेंसिक की टीम को बुलाया गया काथिरूर थाने के अधिकारियों ने बताया कि मजीशा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ विस्फोटक की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कोई पटाखा था या देसी बम।
9 अप्रैल को हैं विधानसभा के चुनाव केरल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार राज्य में 140 सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में कराया जाएगा। चुनाव परिणामों की घोषणा 4 मई 2026 को की जाएगी।

