‘ट्यूबवेल पर पार्टी चल रही है’, कहकर घर नहीं लौटा किसान, सुबह खून से लथपथ मिला शव

4 Min Read
‘ट्यूबवेल पर पार्टी चल रही है’, कहकर घर नहीं लौटा किसान, सुबह खून से लथपथ मिला शव

उत्तर प्रदेश कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीगांव में अचानक उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किसान का शव खेत में ही बने ट्यूबवेल के पास खून से लथपथ हालत में मिला। इस दौरान मृतक की पहचान 45 वर्षीय हरिमोहन सिंह यादव के रूप में हुई है। मृतक के गले और हाथ पर धारदार हथियार से किए गए कई गंभीर वार के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से शराब की कई खाली बोतलें और कई डिस्पोजेबल गिलास मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि देर रात शराब पार्टी हुई थी, जिसके बाद किसी विवाद में हत्या की गई। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

रात में हुई बात, सुबह मिल शव

हरिमोहन सिंह यादव अविवाहित थे और खेती के साथ-साथ गांव के पास स्थित एक खेत की रखवाली भी करते थे। परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह रात में ट्यूबवेल पर सोने गए थे। बुधवार रात उन्होंने घर पर भोजन नहीं किया था। परिवार का कहना है कि जब उन्हें फोन किया गया तो उन्होंने बताया था कि वह खाना खा चुके हैं और ट्यूबवेल पर ही रुकेंगे। इसके बाद सुबह उनका शव मिलने की सूचना परिवार को मिली।

घटनास्थल से शराब की बोतलें और गिलास बरामद हुए

गुरुवार सुबह खेत में काम के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने ट्यूबवेल के पास खून फैला देखा। पास जाकर देखने पर हरिमोहन का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस और फोरेंसिक टीम को भी सूचना देकर बुलाया गया। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से अंग्रेजी और देशी शराब की खाली बोतलें तथा करीब 15 से 20 डिस्पोजेबल गिलास बरामद हुए। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर यह माना जा रहा है कि देर रात वहां कुछ लोग मौजूद थे। हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

परिजनों ने पुलिस पर लगाया जल्दबाजी का आरोप

मामले में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब पुलिस फोरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी। परिजनों ने इसका विरोध करते हुए पुलिस पर जल्दबाजी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि बिना वैज्ञानिक जांच के शव हटाने से महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट हो सकते हैं। कुछ देर तक पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में अधिकारियों के समझाने पर शव को दोबारा घटनास्थल पर रखा गया, जिसके बाद फोरेंसिक टीम ने विस्तृत निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

गांव के ही तीन युवकों पर हत्या का आरोप

मृतक के भतीजे ने गांव के ही तीन युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि मृतक ने रात में फोन पर बताया था कि ट्यूबवेल पर पार्टी चल रही है और वह घर नहीं आएंगे। इसी आधार पर परिजनों ने पुलिस को तीन संदिग्धों के नाम बताए हैं। पुलिस ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही है सभी संभावित एंगल से जांच

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन पुलिस सभी संभावित एंगल पर काम कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

 

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version