लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित आलमबाग में जल्द ही भव्य खालसा चौक का निर्माण होगा। खालसा चौक का निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश दिये गये हैं। यह बात डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कही।
वे शनिवार को ऐतिहासिक नाका हिंडोला गुरुद्वारा में बैसाखी समागम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खालसा पंथ जी के नाम पर आलमबाग में खालसा चौक का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सरकार आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। हम सब परिवार के सदस्य हैं। राजनीति कारण एकत्र नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार प्रदेश के विकास को रफ्तार दे रही है।
जाति-धर्म की राजनीति से दूर सरकार विकास कर रही है। आप सबने प्रदेश सरकार को मिलजुल कर जनता की सेवा करने की ताकत दी है। इससे हमें काम करने की प्रेरणा मिली है।
हम सब वाहेगुरु जी कृपा से एकत्र हुए हैं। इस एकजुटता को बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बैसाखी का यह सुंदर पर्व सैदव मानवता का पाठ पढ़ाता है। नए दौर, नए युग की शुरूआत, सत्यता और कर्तव्यों के प्रति प्रेरित करता है। इस मौके पर राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समेत अन्य लोग मौजूद रहे।