Kanpur: बीच सड़क खड़ी कार हटाने को कहा, तो सिपाही को सरेराह पीटा और फाड़ दी वर्दी, आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर

3 Min Read
Kanpur: बीच सड़क खड़ी कार हटाने को कहा, तो सिपाही को सरेराह पीटा और फाड़ दी वर्दी, आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर

कानपुर में कल्याणपुर के बाद अब नजीराबाद क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सिपाही के साथ मारपीट और अभद्रता की गई है। आरोप है कि बीच सड़क पर खड़ी कार हटाने को कहने पर चालक ने अपने साथियों को बुलाकर सिपाही को सरेराह पीटा और वर्दी भी फाड़ डाली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कार नंबर के चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

यातायात पुलिस लाइन में तैनात ट्रैफिक सिपाही राकेश कुमार मिश्रा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 19 अप्रैल की रात उनकी ड्यूटी बाटा शोरूम कट पर लगी थी। रात करीब 8:25 बजे एक कार बीच सड़क पर खड़ी थी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। उन्होंने चालक से वाहन हटाने को कहा तो वह उल्टा गालीगलौज और बदसलूकी करने लगा।

आरोपियों ने सिपाही की वर्दी फाड़ डाली
विरोध करने पर चालक ने फोन कर अपने चार से छह साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके चेहरे पर चोटें आईं। उन्हें आरोपियों से खुद को बचाने की कोशिश की, तो उन लोगों ने उनकी वर्दी फाड़ डाली।

कार चालक और आरोपियों की तलाश
किसी तरह उन्होंने खुद को बचाया और संबंधित इंचार्ज और कंट्रोल रूम को सूचना दी। आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। नजीराबाद इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार चालक और आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।

पूर्व में भी ट्रैफिक सिपाहियों के साथ हो चुकी घटनाएं

  • कल्याणपुर क्रॉसिंग पर ऑटो खड़ा करके चालक विशाल को सवारी बैठाने से मना करने पर ट्रैफिक सिपाही अमित को चालक ने जमकर पीटा था
  • कल्याणपुर में विपरीत दिशा में आ रहे ऑटो को रोकने पर चालक ने यातायात सिपाही संजय को पीटते हुए वर्दी फाड़ दी थी।
  • कंपनी बाग चौराहे के पास प्रधानमंत्री की रिहर्सल फ्लीट के दौरान ऑटो को हटाने पर चालक ने सिपाही आशीष गुर्जर को जमकर पीटा था।
  • गुटैया क्रॉसिंग पर ऑटो-ई-रिक्शा हटवाने पक हापुड़ के यातायात सिपाही जयविंद्र सिंह को चालक ने बेरहमी से पीटा था।
  • कल्याणपुर के न्यू शिवली रोड पर बाइक सवारों ने यातायात सिपाही अजय कुमार के बिना नंबर प्लेट के टोकने पर मारपीट की थी।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version