LPG: गैस सिलिंडर के लिए अब होने लगी मारपीट, एक एजेंसी पर कर्मचारियों को पीटा, दूसरी पर युवक पीटकर किया घायल

4 Min Read
LPG: गैस सिलिंडर के लिए अब होने लगी मारपीट, एक एजेंसी पर कर्मचारियों को पीटा, दूसरी पर युवक पीटकर किया घायल

गभाना स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर 1 अप्रैल की रात सिलिंडर न मिलने से नाराज युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। युवकों पर एजेंसी के कर्मचारियों के साथ मारपीट, एजेंसी संचालिका के साथ अभद्रता करते हुए लूटपाट की कोशिश का आरोप है। घटना के विरोध में बृहस्पतिवार को एजेंसी बंद रही। पीड़ित पक्ष ने अलीगढ़ गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह से मुलाकात की। घटना के संबंध में थाना गभाना में तहरीर दे दी गई है।

अलीगढ़ निवासी एजेंसी संचालिका कमलेश सारस्वत के अनुसार, घटना 1 अप्रैल रात करीब 9 बजे की है। जब वे काम समेटकर घर जाने की तैयारी कर रही थीं, तभी गभाना निवासी कुछ युवक कार्यालय में घुस आए और तुरंत गैस सिलिंडर की मांग करने लगे। संचालिका ने जब स्टॉक उपलब्ध न होने की बात कही, तो आरोपी आगबबूला हो गए। आरोप है कि दबंगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और महिला संचालिका के साथ अभद्रता और लूटपाट की कोशिश की। जब वहां मौजूद कर्मचारी अभिषेक और भूपेंद्र उर्फ लालू बीच-बचाव करने आए तो आरोपियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। दबंगों ने जाते-जाते गैस गोदाम में आग लगाने की धमकी भी दी। कर्मचारी अभिषेक की हालत गंभीर देखते हुए उसे इलाज के लिए अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस घटना से आक्रोशित होकर बृहस्पतिवार को एजेंसी संचालिका ने जिला गैस एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह से मुलाकात की। कमलेश सारस्वत ने डीएसओ को बताया कि आरोपी आए दिन एजेंसी पर आकर बेवजह दबाव बनाते हैं। सुरक्षा के अभाव में काम करना मुश्किल हो गया है। जब तक आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती और सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक कार्य करना असुरक्षित है।

डीएसओ से एसोसिएशन ने मुलाकात की। इसके बाद शुक्रवार से एजेंसी पर एक पूर्ति निरीक्षक और पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। गैस वितरण का काम शुरू हो जाएगा।- केके तिवारी, अध्यक्ष, एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन

गभाना में जो घटना हुई है वह दो पक्षों का मामला है। गैस वितरण को लेकर कोई समस्या नहीं है। प्रतिदिन 18 से 20 हजार गैस सिलिंडर आ रहे हैं। जिन लोगों को जानकारी नहीं है वह विवाद पैदा करते हैं।- सत्यवीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी

इगलास: गैस सिलेंडर की लाइन में विवाद, युवक को पीटकर किया घायल
इगलास के मथुरा रोड स्थित गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के दौरान हुए विवाद में एक युवक को कुछ लोगों ने बुरी तरह पीट दिया। थाना गोंडा क्षेत्र के गांव जगनेर निवासी सुनील सिंह 2 अप्रैल की सुबह सिलेंडर लेने मथुरा रोड स्थित एजेंसी पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक लाइन छोड़कर आगे खड़ा हो गया, जिसपर कहासुनी हो गई। आरोप है कि उक्त युवक ने अपने 10-15 साथियों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने मिलकर सुनील के साथ मारपीट की। इसमें सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। कोतवाल अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version