पेट्रोल मांगने आए शख्स बने जल्लाद, बुलेट सवार तीन बदमाश चौकीदार को जिंदा जलाकर फरार, 2 हुए गिरफ्तार

4 Min Read
पेट्रोल मांगने आए शख्स बने जल्लाद, बुलेट सवार तीन बदमाश चौकीदार को जिंदा जलाकर फरार, 2 हुए गिरफ्तार

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बदमाशों के हौसले काफी बुलंद होते जा रहे हैं। बीती रात थाटीपुर क्षेत्र में तीन बुलेट सवार बदमाशों ने एक चौकीदार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बताया जा रहा है कि चौकीदार ने बदमाशों को पेट्रोल देने से मना कर दिया था, जिसके बाद यह दर्दनाक घटना हुई। जब बेटे को बचाने पिता आया तो आग की लपटों ने उसे भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में पिता और बेटा दोनों ही झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल बेटे की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने दो बदमाशों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

बदमाशों ने चौकीदार को जिंदा क्यों जलाया

थाटीपुर थाना अंतर्गत मयूर मार्केट स्थित पेट्रोल पंप के पास एक ऑटो स्टेंड पर पीएनटी कॉलोनी निवासी आकाश सेंगर चौकीदारी का काम करता है और स्टैंड के समीप ही एक ट्रेवल्स एजेंसी पर आकाश के पिता रामचंद्र सेंगर गार्ड की नौकरी करते हैं। बीती रात पेट्रोल पंप बंद हो जाने के बाद जब आकाश ड्यूटी कर रहा था तभी एक बुलेट पर सवार होकर तीन बदमाश आए थे। आकाश चौकीदारी की आड़ में अवैध रूप से पेट्रोल बेचने का काम भी करता है। बदमाशों ने आकाश से पेट्रोल खरीदना चाह था। आकाश का पेट्रोल की कीमत को लेकर उनसे विवाद हो गया था। इस दौरान विवाद बढ़ गया और बदमाशों ने आकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी।

चौकीदार को घायल कर फरार बदमाश

आकाश को पिटता देख पास ही स्थित एक एटीएम का गार्ड उसे बचाने आया, लेकिन बदमाशों के सिर पर खून सवार था। बताया जा रहा है कि एक बदमाश ने चाकू निकालकर गार्ड पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। उसके बाद समीप रखी पेट्रोल की बोतल आकाश के शरीर पर उड़ेल दी और लाइटर से आग लगा दी। इस बीच चीख पुकार की आवाज सुनकर आकाश के पिता रामचंद्र भी मौके पर पहुंच गए। रामचंद्र ने बेटे को बचाने की कोशिश की, जिसमें वे भी झुलस गए। इससे पहले तीनों बदमाश बुलेट पर सवार होकर मौके से भाग निकले।

दो आरोपी गिरफ्तार

स्थानीय लोगों ने झुलसी अवस्था में पिता-पुत्र को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां से उन्हें बर्न यूनिट में रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौका मुआयना करने के बाद अस्पताल पहुंची, जहां घायल पिता-पुत्र से घटना की जानकारी ली। इस घटना में आकाश 35 प्रतिशत झुलस गया है, लिहाजा उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। आकाश ने एक आरोपी को पहचान लिया था। आरोपी का नाम डॉली गुर्जर निवासी दुल्लपुर बताया गया। पुलिस ने आरोपी डॉली गुर्जर सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। लेटेस्ट जानकारी के अनुसार आज दोपहर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल एक आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version