चेन्नई सुपरकिंग्स ने चार साल के बाद अपने होमग्राउंड पर आईपीएल का पहला मैच खेला। लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ जब एमएस धोनी मैदान पर आए तो स्टेडियम दर्शकों की आवाज से गूंज उठा। इसकी सभी को पूरी उम्मीद भी थी। एमएस धोनी चेहरे पर बिना कोई रिएक्शन लिए क्रीज पर तेजी से चलते हुए आए। स्टेडियम में चारों ओर से चाहने वालों की आवाज गूंज रही थी। चेन्नई की पारी का भी आखिरी ओवर चल रहा था।
धोनी ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड
वैसे, धोनी के जादू की सीमा केवल चेपॉक स्टेडियम तक सीमित नहीं है। वो जहां भी जाते हैं, फैंस का भरपूर प्यार हासिल करते हैं। धोनी की लखनऊ के खिलाफ केवल 3 गेंदों की पारी को 1.7 करोड़ लोगों ने जियो सिनेमा पर देखा, जो कि आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा व्यूअरशिप का रिकॉर्ड है। पिछला रिकॉर्ड 1.6 करोड़ का था। यह रिकॉर्ड भी धोनी के नाम ही दर्ज था।
जब धोनी गुजरात टाइटंस के खिलाफ बल्लेबाजी करने आए थे, तब जियो सिनेमा पर 1.6 करोड़ लोगों ने उनकी पारी का लुत्फ उठाया था। बता दें कि चेन्नई सुपरकिंग्स ने सोमवार को आईपीएल 2023 के छठे मैच में लखनऊ सुपरजायंट्स को 12 रन से मात दी थी। सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 217/7 का स्कोर बनाया। जवाब में एलएसजी 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 205 रन बना सकी थी।