थलापति विजय ही नहीं, इन स्टार्स के पीछे भी मच चुकी है भगदड़, 1800 करोड़ी फिल्म का सुपरस्टार भी शामिल

4 Min Read
थलापति विजय ही नहीं, इन स्टार्स के पीछे भी मच चुकी है भगदड़, 1800 करोड़ी फिल्म का सुपरस्टार भी शामिल

तमिलनाडु के करूर में शनिवार को एक्टर से नेता बने विजय की एक चुनावी रैली के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में 40 लोगों की जान चली गई है। मरने वाले लोगों में 10 बच्चे और 12 महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे में 40 लोगों की मौत के साथ ही 150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।

करूर में हुए इस दर्दनाक हादसे की तस्वीरें और वीडियोज हर तरफ वायरल हो रहे हैं। सुपरस्टार विजय भी इस हादसे को लेकर काफी दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर दुख जाहिर करते हुए एक पोस्ट शेयर किया है और मुआवजे का ऐलान किया है।

घटना के घंटों बाद थलापति विजय ने अपनी पार्टी TVK के ऑफिशियल एक्स अकाउंट से पोस्ट शेयर किया और लिखा, ‘मेरे दिल में रहने वाले सभी लोगों को नमस्कार। कल करूर में जो कुछ हुआ, उसे याद करके दिल और दिमाग अकल्पनीय रूप से भारी हो गया है। अपने प्रियजनों को खोने के गहरे दुःख और शोक की इस स्थिति में, मैं समझ नहीं पा रहा कि अपनी पीड़ा कैसे व्यक्त करूं। मेरी आंखें और मन व्याकुल और व्याकुल हैं।’

सुपरस्टार ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- ‘मेरे प्रियजन… मैं आपके प्रति, जो हमारे सभी प्रियजनों की मृत्यु पर शोक मना रहे हैं, अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं, तथा इस गहरे दुख को आपके साथ साझा करता हूं। ईश्वर की कृपा से हम हर चीज से उबरने की कोशिश करेंगे।’ इसी के साथ उन्होंने मुआवजे का भी ऐलान किया है। हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब किसी स्टार के पीछे भगदड़ मची है और इस भगदड़ में किसी ने जान गंवाई है।

दिसंबर 2024 में साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के पीछे भी भगदड़ मच चुकी है। अल्लू अपनी फिल्म ‘पुष्पा 2’ की रिलीज के बाद हैदराबाद के संध्या थिएटर पहुंचे थे, जैसे ही सुपरस्टार के फैंस को इसकी भनक लगी थिएटर के बाहर भीड़ जमा हो गई। एकाएक भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

महेश बाबू के पीछे भी फैंस बेकाबू हो चुके हैं। जनवरी 2024 में महेश बाबू की फिल्म ‘गुंटूर कारम’ के प्री-रिलीज इवेंट में भगदड़ मच गई थी। इसके कुछ वीडियो भी सामने आए थे, जिसमें सुपरस्टार के फैंस को उनकी एक झलक की ख्वाहिश में खंभों पर चढ़े देखा गया था। इस घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था।

मेगास्टार चिरंजीवी के पीछे भी भगदड़ मच चुकी है। ये घटना 2003 की है। सुपरस्टार की फिल्म ‘टैगोर’ की शूटिंग के दौरान एक यूनिवर्सिटी में फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा था। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया, जिस पर भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस भिड़ंत में चिरंजीवी के 2 फैंस बुरी तरह घायल हो गए थे।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version