महाकाल मंदिर में चढ़ावे ने तोड़ा रिकॉर्ड, सोने-चांदी का लगा अंबार; जानें इस साल कितना दान मिला

3 Min Read
महाकाल मंदिर में चढ़ावे ने तोड़ा रिकॉर्ड, सोने-चांदी का लगा अंबार; जानें इस साल कितना दान मिला

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विवाद के बीच उज्जैन के महाकाल मंदिर में इस बार चढ़ावे का नया रिकॉर्ड बना है। इस वर्ष मंदिर को मिली दान राशि का हिसाब लगाया तो हैरान कर देने वाला आंकड़ा सामने आया। देश-विदेश से आने वाले भक्त न सिर्फ बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, बल्कि दिल खोलकर दान भी कर रहे हैं। महाकाल मंदिर में पिछले एक साल में 142 करोड़ रुपये से ज़्यादा का चढ़ावा आया है।

पिछले साल की तुलना में इस साल 27 करोड़ रुपये का दान ज्यादा आया है। ये रकम, चढ़ावे में दिए गए गहनों और सोने चांदी की दूसरी चीजों से अलग है।

78 करोड़ केवल दान पेटियों से मिला महाकाल के भक्तों ने ऑनलाइन, ऑफलाइन और गुप्त दान को मिलाकर कुल 80 करोड़ रुपये का दान किया। 78 करोड़ रुपये तो केवल दान पेटियों से मिले हैं जबकि 5 करोड़ से ज्यादा की रकम उस दान की है जो श्रद्धालुओं ने काउंटर पर दी है और इसकी रसीद ली है। साढ़े चार करोड़ रुपये से ज्यादा तो गुप्त दान से मंदिर को मिला है। 1.23 लाख रुपये मनी ऑर्डर मिला है। मंदिर को सोना, चांदी और अन्य कीमती आभूषणों का दान भी बड़ी मात्रा में मिला है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

कैमरों की निगरानी में होती है चढ़ावे की गिनती

अयोध्या के राम मंदिर की तुलना में महाकाल मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम होती है इसके बावजूद चढ़ावे की रकम हैरान करने वाली है। महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने कहा कि चढ़ावे की गिनती की व्यवस्था बेहद सख़्त है और पूरी प्रक्रिया, कैमरों की निगरानी में ही की जाती है। मंदिर प्रशासन के अनुसार बढ़ती आय के साथ श्रद्धालु सुविधाओं, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर खर्च भी लगातार बढ़ रहा है।

महाकाल लोक बनने के बाद बढ़ी भक्तों की संख्या

बता दें कि भारत में 12 ज्योतिर्लिंग है, जिसमें एक ज्योतिर्लिंग उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर है। हर साल लाखों की संख्या में भक्त बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आते हैं। महाकाल लोक बनने के बाद यहां भक्तों की संख्या में इजाफा हुआ है। भक्तों की संख्या के साथ दान में भी बढ़ोतरी देखी गई है। महाकाल के भक्त बाबा पर मोह माया छोड़कर धन दौलत की बरसात कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version