झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली दौरे को लेकर सियासी पारा चढ़ा
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार शाम दिल्ली पहुंचे। उनकी दिल्ली यात्रा को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार शाम दिल्ली पहुंचे। उनकी दिल्ली यात्रा को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पार्टी सांसदों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात कर सकते हैं। बतादें कि इस चर्चा को बल भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के ट्वीट से मिला। दरअसल, सीएम के दिल्ली दौरे पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट किया कि झारखंड में सरकार ने 27 प्रतिशत आरक्षण पिछड़ा वर्ग को देने की घोषणा की जो अधिकार पिछड़ों का है। लेकिन, झारखंड बनने के बाद रमेश बैस के तौर पर राज्य को पिछड़े वर्ग के पहले राज्यपाल मिले हैं। इनको हटाने की मुहिम में राष्ट्रपति से मिलना, क्या कथनी व करनी में फर्क नहीं है। हालांकि, झामुमो की तरफ से आधिकारिक तौर पर इसे निजी दौरा बताया जा रहा है। यह भी कहा गया है कि मुख्यमंत्री आज रांची लौट आएंगे। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री दिल्ली में राज्यपाल के फैसले के इंतजार के बीच सुप्रीम कोर्ट में कानूनी लड़ाई की ओर बढ़ने के लिए विधि विशेषज्ञों से राय ले सकते हैं। कहा यह भी जा रहा है कि वह चुनाव आयोग से खनन लीज के मामले में राज्यपाल को दिए मंतव्य की प्रति के लिए आग्रह कर सकते हैं। बहरहाल, सीएम के दिल्ली दौरे को लेकर राज्य में सियासी पारा चढ़ गया है।