बिजली की अंधाधुंध कटौती ने लोगों का निद्रा चक्र बिगाड़ दिया है। रात को अक्सर उस वक्त बिजली जा रही है जब लोग गहरी नींद में होते हैं। भीषण गर्मी में पंखा, कूलर और एसी बंद होते ही लोगों की आंख खुल जाती है। कभी कभी तो बिजली के इंतजार में छतों पर टहलते टहलते ही सुबह हो जा रही है।
शुक्रवार की रात को करीब दो बजे अवंतिका कॉलोनी, पीलीकोठी और दौलतबाग में बिजली चली गई थी। शनिवार की सुबह सात बजे इन इलाकों में बिजली आई। बुद्धि विहार में भी रात में दो बार बिजली कटी। शुक्रवार की सुबह भी कुछ देर के लिए बिजली गुल हो गई, हालांकि कुछ देर बाद सुचारु हो गई।
महानगर की अवंतिका कॉलोनी निवासी अमित टंडन के अनुसार रात दो बजे बिजली कट गई, जो सुबह सात बजे आई और फिर साढ़े दस बजे फिर चली गई। बिजली निगम के अधिकारियों को फोन करने पर पता चला कि पीटीसी विद्युत केंद्रों से और विवेकानंद विद्युत केंद्र में ओवरलोडिंग के चलते तकनीकी खराबी आने से बंद हो गई है।
इसके अलावा पीली कोठी, दौलत बाग विद्युत केंद्र से जुड़ी हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट आने के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई। हजारों उपभोक्ता परेशान रहे। तकनीकी खराबी के चलते बिजली निगम की टीमों को फॉल्ट खोजने और उसे ठीक करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सुबह साढ़े दस बजे गुल हुई बिजली आपूर्ति दोपहर दो बजे सुचारु हो सकी। रात के साथ साथ दिन में भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली आपूर्ति ठप होने का असर प्रभाव पेयजल व्यवस्था पर भी दिखा।

