पंजाबः कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी का बड़ा एक्शन, घर-दफ्तर समेत 13 जगहों पर छापेमारी; करीबियों पर भी कार्रवाई

3 Min Read
पंजाबः कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी का बड़ा एक्शन, घर-दफ्तर समेत 13 जगहों पर छापेमारी; करीबियों पर भी कार्रवाई

चंडीगढ़ः पंजाब के कैबिनेट मंत्री और बिजनेसमैन संजीव अरोड़ा के घर समेत कई जगहों पर ईडी की छापेमारी हुई है। सूत्रों के अनुसार, ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक पुराने मामले और जमीन सौदों में कथित अनियमितताओं को लेकर की जा रही है। आज सुबह लुधियाना में उनके घर में ईडी की टीम पहुंची और बाहर केंद्रीय पुलिस बल को तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इन छापों में पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा, उनके कारोबारी साझेदार लुधियाना के हेमंत सूद और जालंधर के चंद्रशेखर अग्रवाल के आवास और दफ्तर शामिल हैं।

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा ने एक्स हैंडल पर कहा कि ईडी की तरफ से मेरे परिसरों में छापेमारी की गई है। एक ज़िम्मेदार नागरिक के तौर पर, मैं एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा और मुझे विश्वास है कि सच की ही जीत होगी। 

इस वजह से ईडी कर रही छापेमारी

जानकारी के मुताबिक, ईडी ने संजीव अरोड़ा और उनके करीबियों के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत गुरुग्राम, चंडीगढ़, लुधियाना और जालंधर में कुल 13 जगहों पर छापेमारी की गई। जांच एजेंसी ने संजीव अरोड़ा के घर और दफ्तरों के साथ-साथ कारोबारी हेमंत सूद और चंद्रशेखर अग्रवाल के ठिकानों पर भी तलाशी ली। ईडी के मुताबिक संजीव अरोड़ा की कंपनी हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड पर जमीन उपयोग में गड़बड़ी, शेयर बाजार में हेराफेरी, हवाला और दुबई से पैसा भारत लाने जैसे आरोप हैं। 

कंपनी के एमडी उनके बेटे काव्य अरोड़ा के ठिकाने भी जांच के दायरे में आए हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि अवैध सट्टेबाजी और हवाला से जुड़े पैसों को रियल एस्टेट में लगाया गया। फिलहाल ईडी दस्तावेज और बैंक रिकॉर्ड खंगाल रही है। अभी किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

संजीव अरोड़ा की कंपनी पर लगे हैं ये आरोप

बता दें कि संजीव अरोड़ा M/s Hampton Sky Realty Ltd (पहले M/s Ritesh Properties and Industries Ltd) कंपनी के प्रमोटर हैं। यह कंपनी पंजाब में बड़े पैमाने पर रियल एस्टेट और इंफ्रा प्रोजेक्ट्स का काम करती है। उनके बेटे काव्य अरोड़ा अभी कंपनी के MD हैं और उनके यहां भी तलाशी ली जा रही है। संजीव अरोड़ा की कंपनी पर कई तरह की गड़बड़ियों का शक है, जैसे पंजाब में ज़मीन के इस्तेमाल में गैर-कानूनी बदलाव करना, शेयर की कीमतें बढ़ाने के लिए फर्जी और बढ़ा-चढ़ाकर बिक्री दिखाना, शेयर बाज़ार में इनसाइडर ट्रेडिंग के घोटाले करना, UAE से भारत में गलत तरीके से कमाए गए पैसों और गैर-कानूनी सट्टेबाजी के पैसों की राउंड-ट्रिपिंग करना, वगैरह।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version