कानपुर-लखनऊ रेलखंड पर पटरियों की मरम्मत के कारण दो अप्रैल से 13 मई तक लिए गए मेगा ब्लॉक का फायदा बरेली के यात्रियों को होगा। इस दौरान दिल्ली से कानपुर होते हुए लखनऊ की ओर जाने वाली छह ट्रेनों को गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ होते हुए डायवर्ट किया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि मेगा ब्लॉक के दौरान कानपुर सेंट्रल होते हुए चलने वाली 12004 नई दिल्ली-लखनऊ जंक्शन जनशताब्दी एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग गाजियाबाद-कानपुर सेंट्रल के स्थान पर परिवर्तित मार्ग गाजियाबाद-मुरादाबाद-बरेली के रास्ते चलाई जाएगी। 20921 बांद्रा टर्मिनल-लखनऊ एक्सप्रेस लखनऊ, कानपुर सेंट्रल के स्थान पर लखनऊ, बरेली, गाजियाबाद होते हुए संचालित होगी।
विशेष ट्रेनों में 02563-64 बरौनी-नई दिल्ली विशेष गाड़ी, 02569 दरभंगा-नई दिल्ली विशेष गाड़ी और 02570 नई दिल्ली-दरभंगा विशेष गाड़ी का संचालन दो अप्रैल से 13 मई तक बुढ़वल-लखनऊ, कानपुर सेंट्रल-गाजियाबाद के स्थान पर परिवर्तित मार्ग बुढ़वल, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद के रास्ते किया जाएगा।
उन्नाव, हरदोई, बरेली, मुरादाबाद होते हुए चलने वाली 12469 कानपुर सेंट्रल-जम्मूतवी एक्सप्रेस का संचालन तीन, आठ, 10, 15, 17, 22, 24, 29 अप्रैल और एक, छह, आठ व 13 मई को परिवर्तित मार्ग कानपुर सेंट्रल, इटावा, दिल्ली, अंबाला, जम्मूतवी रूट से होगा।

