ICC T20 वर्ल्ड कप 2032 में टीमों की संख्या में हो सकता है इजाफा, रिपोर्ट में हुआ खुलासा

3 Min Read
ICC T20 वर्ल्ड कप 2032 में टीमों की संख्या में हो सकता है इजाफा, रिपोर्ट में हुआ खुलासा

ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप को और भी बड़ा बनाने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2032 से टी20 वर्ल्ड कप में टीमों की संख्या मौजूदा 20 से बढ़ाकर 24 की जा सकती है। इतना ही नहीं, ICC का दीर्घकालिक लक्ष्य इस टूर्नामेंट में 32 देशों को शामिल करना है, ताकि क्रिकेट को दुनिया के ज्यादा से ज्यादा देशों तक पहुंचाया जा सके। ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ की एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के अनुसार, ICC अगले कुछ सालों में T20 वर्ल्ड कप के स्वरूप में बड़ा बदलाव करने पर विचार कर रहा है। रिपोर्ट में दावा किया है कि 2032 संस्करण से 24 टीमों वाला फॉर्मेट लागू किया जा सकता है। इसके बाद भविष्य में इसे बढ़ाकर 32 टीमों तक ले जाने की भी योजना है।

दरअसल, ICC पिछले कुछ सालों से अपने वैश्विक टूर्नामेंटों का लगातार विस्तार कर रहा है। 2024 T20 वर्ल्ड कप में पहली बार 16 की जगह 20 टीमों को मौका दिया गया था। अब इस संख्या को और बढ़ाने की तैयारी इस बात का संकेत है कि ICC नए देशों और नए दर्शकों तक अपनी पहुंच मजबूत करना चाहती है।

भारत को मिल सकते हैं ज्यादा मैच

रिपोर्ट के मुताबिक, टूर्नामेंट में टीमों की संख्या बढ़ने का सबसे बड़ा व्यावसायिक फायदा यह होगा कि क्रिकेट के बड़े बाजारों की टीमों को अधिक मुकाबले खेलने का अवसर मिल सकता है। इसमें भारत सबसे बड़ा लाभार्थी माना जा रहा है, क्योंकि वैश्विक क्रिकेट में सबसे अधिक व्यावसायिक आकर्षण भारतीय टीम का ही है। भारतीय टीम के ज्यादा मैच होने से ब्रॉडकास्टिंग राइट्स और विज्ञापन से होने वाली कमाई में भी बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है। यही वजह है कि ICC वैश्विक विस्तार के साथ-साथ व्यावसायिक संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर यह रणनीति तैयार कर रही है।

वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप में भी होगा विस्तार

ICC पहले ही घोषणा कर चुका है कि 2030 से वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप में भी टीमों की संख्या बढ़ाकर 16 कर दी जाएगी। इससे साफ है कि ICC अपने प्रमुख टूर्नामेंटों को अधिक समावेशी और वैश्विक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। हालांकि, टीमों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव के साथ कुछ सवाल भी जुड़े हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि 24 या 32 टीमों वाले टूर्नामेंट में मजबूत और उभरती हुई टीमों के बीच एकतरफा मुकाबले बढ़ सकते हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा का लेवल प्रभावित हो सकता है।

 

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version