Sambhal: इंडिया फ्रोजन के ठिकानों पर छापे में 400 करोड़ की टैक्स चोरी के मिले सुराग, चार दिन चली आयकर कार्रवाई

2 Min Read
Sambhal: इंडिया फ्रोजन के ठिकानों पर छापे में 400 करोड़ की टैक्स चोरी के मिले सुराग, चार दिन चली आयकर कार्रवाई

संभल स्थित इंडिया फ्रोजन फूड्स कंपनी के ठिकानों पर चार दिन से जारी आयकर विभाग के छापों की कार्रवाई के दौरान करीब 400 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी अंजाम दिए जाने के पुख्ता सुराग मिले हैं। आयकर विभाग के छापों की कार्रवाई बृहस्पतिवार को समाप्त हो गई।

अधिकारियों ने कंपनी के ठिकानों से तमाम बोगस कंपनियों से जुड़े संदिग्ध दस्तावेज, मोबाइल फोन, जमीनों की रजिस्ट्री, बैंक खातों की जानकारी और अघोषित हिसाब-किताब के ब्योरे वाली कई डायरियां बरामद की हैं। सूत्रों के मुताबिक छापे में करीब चार करोड़ के जेवरात और दो करोड़ रुपये से अधिक नगदी भी बरामद हुई है।

जांच में सामने आया है कि कंपनी द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध पशुओं का कटान भी किया जा रहा था। कंपनी के ठिकानों पर टीमों के आते ही तमाम कर्मी अपने मोबाइल और दस्तावेज छोड़कर भाग गए, जिन्हें बरामद कर लिया गया।

आयकर विभाग के अधिकारियों ने दिन-रात छानबीन जारी रखी और करीबन 20 घरों में अलमारियां को तोड़कर दस्तावेजों को बरामद किया। वहीं जांच में जिन बोगस फर्मों का पता चला है, उनके जरिये करोड़ों रुपये का लेन-देन हो रहा था।

अधिकारियों को शक है कि यह रकम अवैध तरीके से पशुओं की खरीद में इस्तेमाल की जा रही थी, जिसके लिए बैंक से नकदी निकाल कर भुगतान किया जाता था। कंपनी संचालक इन बोगस फर्मों के मालिकों के बारे में जानकारी नहीं दे सके, जिससे अधिकारियों का शक और पुख्ता हो गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version