सिया और चेतन ने चैट्स किए थे डिलीट, साहिल ने क्या बताया, केतन हत्याकांड में अब तक क्या पता चला?

9 Min Read
सिया और चेतन ने चैट्स किए थे डिलीट, साहिल ने क्या बताया, केतन हत्याकांड में अब तक क्या पता चला?

पुणे के 25 साल के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल से लगभग 10 घंटे पूछताछ की गई। साहिल  ने पुलिस को कई जानकारियां दी हैं, साहिल ने बताया कि अगर सिया ने कोई परेशानी ज़ाहिर की होती, तो हमारा परिवार उसकी शादी कैंसिल कर देता। पुलिस ने बताया कि साहिल को सुबह बुलाया गया था और लंबी पूछताछ के बाद देर शाम उन्हें घर जाने दिया गया। साहिल से उनकी बहन सिया और कथित तौर पर उसके प्रेमी और हत्या के आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते के बारे में पूछा गया और कई जानकारियों की पुष्टि की गई।

केतन अग्रवाल हत्याकांड की पूरी टाइमलाइन:

साहिल ने क्या बताया?

साहिल ने पुलिस से कहा, “अगर सिया ने कहा होता कि उसे केतन पसंद नहीं है, तो हम शादी रोक देते।”  रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार (26 जून 2026) को साहिल से पूछताछ करने वाले पुलिस अधिकारी ने कहा, “साहिल चेतन को जानता है और हमने उससे कुछ बातों की पुष्टि की। उससे लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की गई।”
सूत्रों के मुताबिक, साहिल को अपनी बहन सिया गोयल और चेतन चौधरी के अफेयर की पहले से जानकारी थी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि, साहिल ने यह बात परिवार या किसी अन्य व्यक्ति से क्यों नहीं शेयर की?

सिया और चेतन ने क्यों डिलीट किए थे चैट्स?
केतन हत्याकांड की जांच कर रही टीम ने कल ये दावा किया है कि, हत्या की आरोपी सिया और चेतन ने हत्या से पहले और बाद की चैट्स डिलीट कर दी हैं और रिसाइकल बिन भी क्लियर कर दिया है, जिससे कि सबूत किसी के हाथ न लगें। अब पुलिस ने डिलीट की गई चैट के लॉग्स को वापस पाने के लिए मोबाइल फोन को फोरेंसिक लैब भेजा है। जांच टीम में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपियों ने 18 जून से पहले और लोहागढ़ की घटना के बाद अपने फोन से चैट डिलीट कर दी थीं।

सिया ने पुलिस से कहा, वो विग पहनता था…
पुणे के व्यापारी केतन अग्रवाल के हत्या की आरोपी उसकी मंगेतर सिया ने अब पुलिस के सामने एक और बड़ा खुलासा किया है, जिससे जांच कर रही टीम भी हैरान है। सिया का कहना है कि केतन के सिर पर बाल नहीं थे, वह विग लगाता था और यह बात सिया को पसंद नहीं थी इसलिए वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी। सिया ने दावा किया है कि यही वजह थी कि उसने आरोपी चेतन के साथ रिश्ता बनाया और साजिश करके केतन की हत्या करवा दी।

केतन के पिता ने कहा-विग की बात बहाना है
केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने सिया के उन दावों को खारिज कर दिया है कि उनके बेटे के हेयर विग पहनने की वजह से उसकी हत्या की गई हो सकती है। उन्होंने कहा, “मेडिकल कारणों से केतन के सिर पर बालों का एक छोटा सा पैच कम हो गया था, लेकिन शादी तय होने से बहुत पहले ही यह बात साफ़ तौर पर बता दी गई थी। अगर उसे कोई दिक्कत थी, तो सिया शादी से मना कर सकती थी। अगर यह उसके लिए कोई मुद्दा होता, तो सिया के लिए शादी रद्द करना बहुत आसान होता।”

चेतन और सिया ने एक दूसरे पर लगाया आरोप
केतन हत्याकांड के दोनों आरोपी सिया और चेतन सात दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। इस दौरान दोनों से संयुक्त और अलग-अलग पूछताछ में, दोनों आरोपियों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाना शुरू कर दिया है। सिया ने दावा किया कि चेतन ने हत्या की योजना बनाई थी, जबकि चेतन ने उस पर इसकी साज़िश रचने का आरोप लगाया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या चेतन, सिया को रिकॉर्ड की गई कॉल और प्राइवेट मैसेज के ज़रिए ब्लैकमेल कर रहा था ताकि वह इस साज़िश को अंजाम देने के लिए मजबूर हो जाए।

कहां और कैसे हुई सिया और चेतन की मुलाकात?
सिया का भाई साहिल और चेतन चौधरी साथ में क्रिकेट खेलते थे। क्रिकेट मैचों के दौरान ही सिया और चेतन चौधरी की पहली मुलाकात हुई थी। सिया अपने भाई साहिल के साथ क्रिकेट मैच देखने और खेलने जाया करती थी। इसी दौरान उसकी चेतन से पहचान हुई। बाद में एक दोस्त की दिवाली पार्टी में दोनों की फिर मुलाकात हुई और इसके बाद उनकी मुलाकातों का सिलसिला बढ़ता गया। क्रिकेट के मैदान पर शुरू हुई यह पहचान आगे चलकर प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में सिया और चेतन के बीच 2,004 फोन कॉल हुए। दोनों के बीच कुल मिलाकर करीब 238 घंटे तक बातचीत हुई।

सिया और केतन की शादी किसने तय करवाई?

नरेंद्र मित्तल, केतन के पिता विशाल अग्रवाल के मामा लगते हैं और नरेंद्र मित्तल के साले की बेटी है सिया गोयल। उनसे पूछताछ में पता चला, जनवरी 2026 में रिश्ते की चर्चा के बाद फरवरी में गोयल और अग्रवाल परिवार की केतन और सिया के रिश्ते के लिए मुलाकात तय की थी। जिसके बाद केतन अग्रवाल अपने पूरे परिवार के साथ सिया को देखने गए थे। परिवार को सिया पसंद आने के बाद पुणे के एक होटल में सगाई करवा दी गई थी। 

नरेंद्र मित्तल ने अपने बयान में बताया कि हमारा इस मामले में सिर्फ़ इतना ही रोल है की हमने दोनों परिवार को शादी के रिश्ते के लिए मिलवाया था। मित्तल ने दावा किया कि हमे यह उम्मीद नहीं थी कि सिया ऐसा कुछ कर सकती है। सिया और केतन दोनों ही संस्कारी थे और बातचीत करने में नम्र थे। हमें सिया और चेतन चौधरी के के बीच के रिश्ते की जानकारी नहीं थी। हम बचपन से सिया को जानते हैं और ऐसा हमने सपने में भी नहीं सोचा था कि वह ऐसा कुछ करेगी।

सिया और चेतन को लोहागढ़ फोर्ट पहुंची पुलिस
कल लोनावाला ग्रामीण पुलिस बहुत सीक्रेट तरीके से सिया और चेतन को लेकर लोहगढ़ फोर्ट के पास लेकर गयी थी। कल दोनों आरोपियों को लेकर पुलिस 11 बजे के करीब लोहगढ़ फोर्ट के नीचे लेकर आयी थी। पुलिस ने बताया कि हमने दोनों से यह समझा कि किस रूट से वो यहां फोर्ट तक आए थे। फोर्ट तक आने के किए दो रास्ते हैं। किस रास्ते से सिया आई और किस रास्ते से चेतन आया दोनों जानकारी पुलिस ने उनसे ली और फिर पुलिस दुबारा लेकर पुलिस स्टेशन लेकर चली गई। सूत्रों का यह भी दावा है कि पुलिस जल्द ही सिया के माता पिता का बयान भी दर्ज करेगी।

लोहागढ़ किले में हुई थी केतन की हत्या
पुलिस का आरोप है कि 18 जून को लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल को उसकी मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने पहाड़ी से नीचे धक्का दे दिया था। जांच करने वालों का मानना ​​है कि दोनों ने मिलकर केतन की हत्या की साज़िश रची थी, क्योंकि सिया नवंबर में केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। आरोप है कि उसने लोनावला में रुकने के दौरान केतन का पासपोर्ट चुराकर और छिपाकर बाली में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट ट्रिप को खराब कर दिया था, जिससे उनकी इंटरनेशनल फ्लाइट रद्द करनी पड़ी थी।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version