बिहार में आसमानी आफत ने मचाया कोहराम, 2 जिलों में बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत

3 Min Read

मधुबनी/बेगूसराय। बिहार में एक बार फिर से आसमानी आफत ने तबाही मचाई है। यहां बेगूसराय और मधुबनी में कुल 7 लोगों की मौत हुई है। बेगूसराय में जहां 4 लोगों की तो मधुबनी में 3 लोगों की मौत हुई है। लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है।

बेगूसराय में 4 लोगों की मौत

बेगूसराय में देर रात मौसम बदलने के बाद तेज बारिश हुई। इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र की मोख्तियारपुर पंचायत के मानोपुर गांव स्थित वार्ड संख्या 01 निवासी 13 वर्षीय अंशु कुमारी पिता रामकुमार सदा की मौत हो गई।

बलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर में ठनका गिरने से वृद्ध कामगार की मौत हो गई। उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक भगतपुर के 60 वर्षीय बिरल पासवान है। दोनों भूसा ढोने के लिए बहियार जा रहे थे।

साहेबपुरकमाल के सनहा नवटोलिया की एक अधेड़ महिला इंदिरा देवी की भी ठनका से मौत की सूचना है। मशुदनपुर दियारा पथ के मोहनपुर ढाब के समीप की घटना बताई जा रही है।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोला बहियार में फसल देखकर लौट रहे एक किसान ठनका के चपेट में आकर उसकी मौत हो गई है।मृत्तक सूजा निवासी स्वर्गीय कामो महतो के 45 वर्षीय पुत्र पंकज महतो बताया जा रहा है।

मधुबनी में 3 लोगों की मौत

मधुबनी में बुधवार की सुबह वज्रपात गिरने से पिता-पुत्री समेत 3 की मौत हो गई। पहली घटना झंझारपुर के पिपरौलिया में हुई। ठनके की चपेट में आने से खेत की ओर गई एक महिला की मौत हो गई। वह रेवन महतो की पत्नी रेखा थी।

वहीं, अंधराठाढ़ी के रुद्रपुर के अलपुरा गांव में ठनका गिरने से बाप-बेटी की मौत हो गई। जाकिर (62) पुत्री आयशा (18) को लेकर खेत में जमा गेहूं के बोझे को ढकने के लिए तिरपाल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ। यहां बीती रात से ही बारिश हो रही है।

इससे मधुबनी शहर की सड़कों पर पानी भर गया है। दरभंगा के भी कुछ इलाकों में बारिश हुई है। दरभंगा के जाले में मंगलवार की रात तेज हवा के कारण लोगों के कच्चे घरों के छप्पर उड़ गए।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version