सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या, पति ने चाकुओं से गोदकर मार डाला

3 Min Read
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या, पति ने चाकुओं से गोदकर मार डाला

मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में सुबह घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पति ने पुलिस और स्थानीय लोगों को गुमराह करने के लिए खुद को भी चाकुओं से घायल कर दिया। हालांकि पुलिस पड़ताल में शक की सुई मृतका के पति पर घूमी। फारेंसिक टीम और पुलिस टीम ने कैमरों को खंगालते हुए आरोपी घायल पति को गिरफ्तार कर लिया है। 

आपसी कहासुनी के बाद बढ़ गई बात

मिली जानकारी के मुताबिक मृतका निशा चौहान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्यूटी पार्लर संचालिका थी। निशा का अपने पति प्रदीप चौहान से अक्सर लड़ाई झगड़ा होता रहता था। बताया जाता है कि कल भी उसका झगड़ा हुआ और रात में दोनों शांत हो गए। लेकिन शुक्रवार सुबह 6 बजे दोनों में फिर टकराव हुआ। पति-पत्नी में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्साए पति प्रदीप ने निशा पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला करते हुए मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो साफ हो गई पूरी तस्वीर

मौके पर पहुंची पुलिस निशा को अस्पताल लेकर पहुंची जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्यारोपी ने खुद को भी घायल किया, लेकिन पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें पूरी कहानी साफ हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं मर्डर की सूचना पर स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

दिनदहाड़े हुई इस हत्याकांड से कस्बा हर्रा में दहशत का माहौल है। साथ ही इलाके में तरह तरह की बातें भी सामने आ रही हैं। इस बीच पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि हत्यारे पति से पूछताछ की जा रही है, मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्षता के साथ जांच की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version