चंद्रपुर शहर के मित्रनगर चौक में गुरुवार देर रात हुए निर्मम हत्याकांड का रामनगर पुलिस ने बेहद तेजी और तकनीकी कौशल के साथ पर्दाफाश कर दिया वारदात के महज कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने हत्या के आरोपी मित्रनगर निवासी 19 वर्षीय अजय उर्फ ऐपल शंकर पोहनकर को गिरफ्तार कर लिया तो वही मृतक की पहचान 48 वर्षीय अमरावती निवासी संतोष अरुण भेंडे के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार मध्यरात्रि डायल-112 पर मित्रनगर चौक में मारपीट की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची तो संतोष भेंडे खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पहले आरोपी ने मृतक की बेरहमी से लात-घूंसों और हाथ-पैरों से पिटाई की, फिर उसके सिर पर भारी पत्थर से कई वार किए, सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गिरफ्तारी के बाद कबूला गुनाह
घटना के बाद रामनगर पुलिस ने बिना समय गंवाए घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित संभावित ठिकानों पर रातभर आरोपी की तलाश की लेकिन वह हाथ नहीं लगा। इसके बाद दूसरे दिन थाना प्रभारी प्रभावती एकुरके के मार्गदर्शन में तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वडगांव क्षेत्र में छिपा हुआ है पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।
पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि संतोष भेंडे अक्सर उसके घर आता था और घर की महिलाओं को परेशान करता था। उसे अपनी मां के साथ मृतक के अनैतिक संबंध होने का भी शक था। इसी वजह से वह लंबे समय से संतोष के प्रति गुस्सा पाले हुए था। गुरुवार रात मित्रनगर चौक में दोनों का आमना-सामना हुआ, पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद हिंसक रूप ले बैठा गुस्से से बेकाबू अजय ने संतोष पर लात-घूंसों की बौछार कर दी और आखिर में पत्थर उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया हमले के दौरान संतोष सीमेंट के ढक्कन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे लगा था कि संतोष केवल बेहोश हुआ है इसलिए वह घबराकर घटनास्थल से फरार हो गया।
शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और अनैतिक संबंधों के शक से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। रामनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कुछ ही घंटों में कर दिया गया। इसकी शहरभर में चर्चा हो रही है क्योंकि इस हत्याकांड में मृतक अमरावती का एवं हत्यारा अज्ञात था।

