Train: इंडिगो संकट से उड़ानें रद्द, रेल सवाओं पर पड़ रहा असर, मुंबई से आने वाली ट्रेनों में रिजर्वेशन फुल

2 Min Read
Train: इंडिगो संकट से उड़ानें रद्द, रेल सवाओं पर पड़ रहा असर, मुंबई से आने वाली ट्रेनों में रिजर्वेशन फुल

इंडिगो संकट के कारण उड़ानें रद्द होने का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। मुंबई से हाथरस और मथुरा आने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। इन ट्रेनों में रिजर्वेशन पूरी तरह फुल हो चुके हैं।

महाराष्ट्र और आसपास के राज्यों से संचालित कई उड़ानों के निरस्त होने और कुछ के भारी विलंब से चलने के कारण यात्रियों का रुझान ट्रेनों की ओर बढ़ा है। हवाई उड़ानें निरस्त होने से पिछले चार दिन से अधिकांश ट्रेनों में एसी फर्स्ट क्लास, एसी टू टायर और स्लीपर क्लास में लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है। कई ट्रेनों में स्थिति इतनी खराब है कि टिकट बुकिंग पर लगातार कई दिनों तक नो रूम दिख रहा है। हाथरस में ठहरने वाली प्रमुख ट्रेनों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।

इनमें 09075 मुंबई-काठगोदाम एक्सप्रेस, 22975 रामनगर सुपरफास्ट, 22444 कानपुर सुपरफास्ट, 20921 लखनऊ सुपरफास्ट और 09185 छपरा सुपरफास्ट में एसी और स्लीपर दोनों श्रेणियों में 100 से 250 तक की वेटिंग चल रही है। यात्रियों को तत्काल में भी टिकट मिलने की संभावना बेहद कम है।

मथुरा जंक्शन पर ठहरने वाली लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनों पर भी यात्रियों का भारी दबाव है। 12939 अगस्त क्रांति राजधानी, 12471 स्वराज एक्सप्रेस, 12925 पश्चिम एक्सप्रेस, 12617 मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनों में सीटें हफ्तों पहले ही भर चुकी हैं। राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेन में भी एसी केबिन में सीट नहीं मिल पा रही।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह का कहना है कि यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी चाहिए और संभव हो तो वैकल्पिक ट्रेनें या मार्ग भी देखना चाहिए। भीड़ को देखते हुए अगले दिनों में कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version