UP: मुरादाबाद में 4941 रंगरूट बने सिपाही, पासिंग आउट परेड में दिखा गर्व; सीएम योगी ने दिया अनुशासन का मंत्र

3 Min Read
UP: मुरादाबाद में 4941 रंगरूट बने सिपाही, पासिंग आउट परेड में दिखा गर्व; सीएम योगी ने दिया अनुशासन का मंत्र

मुरादाबाद में पासिंग आउट परेड के दौरान 4941 प्रशिक्षु सिपाही यूपी पुलिस में शामिल हुए। परेड में गर्व और उत्साह का माहौल रहा। लखनऊ से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुशासन पर जोर दिया। मुरादाबाद में रविवार सुबह गर्व और अनुशासन का अनोखा संगम देखने को मिला। छह प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षु सिपाही जब पासिंग आउट परेड में कदमताल करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बने, तो पूरा माहौल भावुक और उत्साह से भर गया। फुल ड्रेस में सजे रंगरूटों की सधी चाल और दमदार प्रस्तुति ने परिजनों की आंखें खुशी से नम कर दीं, वहीं मंच से सेवा, समर्पण और अनुशासन का मजबूत संदेश भी गूंजता रहा।

आउटडोर और इनडोर की फाइनल परीक्षा पास करने के बाद मुरादाबाद के छह प्रशिक्षण संस्थानों के कुल 4941 प्रशिक्षु सिपाही रविवार को पासिंग आउट परेड के बाद यूपी पुलिस में शामिल हो गए। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया में सफल 60,244 अभ्यर्थियों में से करीब पांच हजार को मुरादाबाद के प्रशिक्षण केंद्रों में भेजा गया था। इनकी ट्रेनिंग 20 जुलाई 2025 से शुरू हुई थी।

प्रशिक्षण पुलिस लाइन, पीटीसी, पीटीएस, नौवीं वाहिनी पीएसी, 23वीं वाहिनी पीएसी और 24वीं वाहिनी पीएसी में कराया गया। रविवार सुबह अलग-अलग केंद्रों पर पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित परेड में डीजी ट्रेनिंग राजीव सभरवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सलामी ली। यहां 955 रंगरूट अंतिम परीक्षा में सफल रहे। पीटीएस में 1373 रंगरूटों ने परेड में हिस्सा लिया, जहां डीआईजी यमुना प्रसाद मुख्य अतिथि रहे।

पीटीसी में 1455 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों ने पासिंग आउट परेड में भाग लिया। यहां एडीजी अमित चंद्र ने सलामी ली। इसके अलावा 23वीं वाहिनी पीएसी में 442, 24वीं वाहिनी पीएसी में 339 और नौवीं वाहिनी पीएसी में 277 महिला सिपाहियों ने पासिंग आउट परेड पूरी कर पुलिस बल में शामिल हुए। ट्रेनिंग के नोडल अधिकारी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि मुरादाबाद के छह प्रशिक्षण संस्थानों से कुल 4941 प्रशिक्षु सिपाही पास आउट होकर सेवा के लिए तैयार हैं।

उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पुलिस लाइन से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए नव आरक्षियों को संबोधित किया और उन्हें बधाई दी। उन्होंने महिला सिपाहियों के प्रदर्शन की विशेष सराहना करते हुए कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत और अनुशासित पुलिस बल के लिए बेहतर प्रशिक्षण जरूरी है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version