शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित बाल विकास परियोजनाओं में मानदेय आधारित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इन पदों के लिए केवल 12वीं पास महिला अभ्यर्थी 20 जुलाई रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज मौर्या ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 386 और सहायिका के 322 पदों सहित कुल 708 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं) या इसके समकक्ष निर्धारित की गई है। आवेदिका की उम्र एक जनवरी, 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। आयु सीमा में किसी भी वर्ग को कोई अतिरिक्त छूट नहीं मिलेगी।
अभ्यर्थियों का चयन इंटरमीडिएट से लेकर परास्नातक तक की शैक्षिक योग्यता के आधार पर बनी मेरिट से होगा। इसके लिए कोई लिखित परीक्षा अथवा साक्षात्कार आयोजित नहीं किया जाएगा। आवेदिका को रिक्त पद वाले संबंधित वार्ड (शहरी) या ग्राम सभा का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
आवेदन केवल विभागीय वेबसाइट upanganwadibharti.in पर ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन फॉर्म किसी भी दशा में मान्य नहीं होंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को कुल 6000 रुपये और सहायिका को कुल 3000 रुपये प्रतिमाह मानदेय के साथ-साथ प्रोत्साहन राशि भी देय होगी। विधवा, तलाकशुदा और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को चयन में वरीयता दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए संजय प्लेस स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

