UP: चार हजार करोड़ रुपये से बरेली की सूरत बदलेगा बीडीए, नौ परियोजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं सीएम योगी

2 Min Read
UP: चार हजार करोड़ रुपये से बरेली की सूरत बदलेगा बीडीए, नौ परियोजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं सीएम योगी

बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) चार हजार करोड़ की नौ परियोजनाओं से शहर की सूरत बदलने की तैयारी में है। ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में 60 करोड़ रुपये से एक हजार एलआईजी और ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण होगा। 125 हेक्टेयर जमीन पर 2,800 करोड़ से औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जाएगी। बीडीए प्रदेश का ऐसा पहला प्राधिकरण होगा जो अपनी औद्योगिक टाउनशिप विकसित करेगा। मुख्यमंत्री इसी माह बीडीए की नौ परियोजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं।

रामगंगानगर आवासीय योजना के सेक्टर आठ में 56.78 करोड़ से जल मनोरंजन उद्यान व 34.73 करोड़ रुपये से स्पेस म्यूजियम का भी निर्माण कराया जाएगा। ग्रेटर बरेली योजना के सेक्टर-10 में 31.13 करोड़ से 500 एलआईजी और 28.22 करोड़ रुपये से 500 ईडब्ल्यूएस  भवन बनाए जाएंगे। ग्रेटर बरेली के सेक्टर सात में 30.40 करोड़ रुपये की लागत से नाथ पंथ म्यूजियम का निर्माण भी होगा। 14.79  करोड़ रुपये से अधिकारियों के आवास भी बनाए जाएंगे। 48.89 करोड़ की कुछ और भी योजनाएं विकसित की जाएंगी।

चार विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे सीएम

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तारीख तय नहीं है, लेकिन उनके इसी माह आने की संभावना है। मुख्यमंत्री के आने पर बीडीए नौ योजनाओं का शिलान्यास कराएगा। साथ ही, रामगंगानगर आवासीय योजना के सेक्टर दो में 46 करोड़ से तैयार की गई रामायण वाटिका, ग्रेटर बरेली के सेक्टर पांच व छह में आरसीसी ड्रेन, सीवर वाटर लाइन, इलेक्ट्रिक ट्रेंच, पार्क व सड़कों का लोकार्पण कराने की भी तैयारी है। सेक्टर पांच व छह में कराए गए निर्माण कार्य की कुल लागत करीब 48 करोड़ रुपये है। पुरनापुर टांडा में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 64.50 करोड़ रुपये की लागत से 1500 आवासों का निर्माण भी इसमें शामिल है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version