भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि कुछ मौका परस्त और स्वार्थी दल 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के सपने देख रहे हैं। लेकिन, देश व प्रदेश की जनता 2014, 2017, 2019 और 2022 की तरह 2024 में भी इनके मंसूबों को नाकाम करेगी।
चौधरी ने बयान जारी कर कहा कि इन दलों ने पहले भी तीन चुनावों में स्वार्थ और सत्ता के लिए चुनावी गठबंधन किए थे। चुनाव में असफल होने पर अपनी राह अलग कर ली। जिन लोगों ने यूपी में अपनी जमीन खो दी है वो अब दूसरे राज्यों में भाजपा को हराने के लिए अन्य दलों की बैसाखी का सहारा तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश ही नहीं पूरे देश की जनता ऐसे लोगों का असली रूप देख चुकी है।
चौधरी ने सपा पर आरोप लगाया कि वह एक बार फिर से जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति के सहारे चुनाव में जीत के योजनाएं बना रही है। सपा इस सच को स्वीकार नहीं कर पा रही कि देश में नरेन्द्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा सपा सरकार में देश में उत्तर प्रदेश की पहचान भ्रष्टाचार और अपराध की राजधानी के रूप में बन गई थी। जनता अब तक सपा सरकार के कुशासन को भूली नहीं है।