ताजमहल देखने के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों से धोखाधड़ी के लिए साइबर ठगों ने फर्जी वेबसाइट का जाल बिछाया है। धोखाधड़ी की शिकायतें सामने आने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) ने पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है।
ताजमहल देखने के लिए हर साल 10 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक आगरा पहुंचते हैं। विदेशी पर्यटकों के लिए टिकट की दर 1100 रुपये और सार्क देशों के पर्यटकों के लिए 540 रुपये निर्धारित है। साइबर ठग फर्जी वेबसाइट बनाकर ऑनलाइन टिकट बेच रहे हैं।
आगरा एएसआई सर्किल की अधीक्षण पुरातत्वविद स्मिथा एस. कुमार ने बताया कि इंटरनेट पर एक फर्जी वेबसाइट Ticketstajmahal.com सक्रिय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फर्जी वेबसाइट से खरीदे गए टिकट मान्य नहीं होंगे और ऐसे पर्यटकों को स्मारक में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही, इस पोर्टल पर भुगतान करने से पर्यटक बड़ी साइबर धोखाधड़ी का शिकार भी हो सकते हैं, इसलिए भूलकर भी फर्जी वेबसाइट से टिकट न खरीदें।
इन वेबसाइटों से बुक करें टिकट
एएसआई के अनुसार, धोखाधड़ी से बचने के लिए केवल तीन तरीकों से ही टिकट बुक करें। टिकट बुक करने के लिए दो वेबसाइट https://asi.paygov.org.in/ और https://asi.payumoney.com हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर +91 8422889057 पर मैसेज भेजकर सुरक्षित तरीके से टिकट बुक कर सकते हैं।
पर्यटक इन बातों का रखें ध्यान
– टिकट बुक करते समय वेबसाइट की स्पेलिंग को ध्यान से देखें। ठग अक्सर मिलते-जुलते नाम का सहारा लेते हैं।
– फेसबुक, इंस्टाग्राम या व्हाट्सएप पर आने वाले लुभावने विज्ञापनों या अनजान लिंक्स के जरिये टिकट बुक न करें।
– किसी भी गैर-सरकारी या निजी वेबसाइट पर अपनी बैंकिंग डिटेल्स और ओटीपी साझा करने से बचें।
– ऑनलाइन भुगतान करने से पहले सुनिश्चित कर लें कि आप भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर ही हैं।

