UP: ‘हाईकोर्ट बेंच नहीं तो वोट नहीं’ का नारा करेंगे बुलंद, 22 जिलों के वकीलों ने भरी हुंकार

4 Min Read
UP: ‘हाईकोर्ट बेंच नहीं तो वोट नहीं’ का नारा करेंगे बुलंद, 22 जिलों के वकीलों ने भरी हुंकार

हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति की बैठक कचहरी परिसर के पंडित नानक चंद सभागार में आयोजित की गई। वेस्ट यूपी के 22 जिलों की बार के पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों ने शिरकत ली। इसमें निर्णय लिया गया कि आगाम विधानसभा चुनाव से पहले वेस्ट यूपी के वकील बेंच नहीं तो वोट नहीं का नारा बुलंद करेंगे। बैठक में वकीलों ने वकीलों की अन्य समस्याओं पर भी मंथन किया।

बैठक की अध्यक्षता हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन अनुज कुमार शर्मा (अध्यक्ष मेरठ बार एसोसिएशन) और संचालन संयोजक परवेज आलम (महामंत्री मेरठ बार एसोसिएशन) ने किया। वकीलों ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय, इलाहाबाद की खंडपीठ स्थापना की मांग के लिए 50 वर्षों से प्रत्येक शनिवार को हड़ताल जारी है। अब इसे और प्रभावी बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य आम जनता को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय दिलाया जाना है।

हाई कोर्ट बेंच की मांग के लिए एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, विधि एवं न्यायमंत्री और उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति से भेंट करेगा। इसके अलावा बैठक में अधिवक्ताओं ने पुलिस और प्रशासन द्वारा अनावश्यक चालान, अभद्र व्यवहार और झूठे मुकदमों पर चिंता व्यक्त की। मांग की गई कि किसी भी अधिवक्ता के विरुद्ध कार्रवाई से पूर्व संबंधित बार एसोसिएशन के अध्यक्ष या महामंत्री को विश्वास में लिया जाए। इस संबंध में गृहसचिव, प्रमुख सचिव और पुलिस महानिदेशक, लखनऊ को पत्र भेजे जाएंगे। हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति की अगली बैठक 18 जुलाई 2026 को बागपत बार एसोसिएशन के तत्वावधान में होगी।

अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग
अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को शीघ्र लागू कराने की मांग की गई। इसके लिए सभी बार एसोसिएशनों के अध्यक्ष और महामंत्री विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को प्रेषित किए जाएंगे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा हापुड़ और नोएडा बार के पदाधिकारियों को कार्य से विरत रहने के संबंध में जारी कारण बताओ नोटिस के विरोध में 20 मई 2026 को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया।

बार के ये पदाधिकारी और वकील रहे मौजूद
बैठक में बार एसोसिएशन गाजियाबाद के अध्यक्ष ब्रहमदेव त्यागी, बार एसोसिएशन शामली के अध्यक्ष राजपाल सिंह, बार एसोसिएशन सहारनपुर के अध्यक्ष राहुल त्यागी, बार एसोसिएशन मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, बार एसोसिएशन नोएडा के अध्यक्ष परविंद्र भाटी, बार एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद, बार एसोसिएशन कैराना के महामंत्री चौ. सर्वेज जंग, बार एसोसिएशन मुरादाबाद के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता, बार एसोसिएशन अलीगढ़ के अध्यक्ष संतोष कुमार वशिष्ठ, बार एसोसिएशन बुलंदशहर के महामंत्री अमित चौहान, बुढ़ाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश पाल वर्मा मौजूद रहे। 

बागपत बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तोमर, हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, बार एसोसिएशन मोदीनगर के अध्यक्ष जगबीर सिंह, मवाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव कंसल, सरधना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ मलिक, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह, महामंत्री प्रशांत गुप्ता, मेरठ बार के पूर्व अध्यक्ष एमपी शर्मा, चौ. धीर सिंह, अनिल कुमार बख्शी, डाॅ. ओपी शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, कुंवरपाल शर्मा, पं. आनन्द कश्यप आदि बड़ी संख्या में वकील भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version