UP News: ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- जातिगत जनगणना की घोषणा ने उड़ा दी है सपा अध्यक्ष की नींद

2 Min Read
UP News: ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- जातिगत जनगणना की घोषणा ने उड़ा दी है सपा अध्यक्ष की नींद

राजधानी लखनऊ में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश के सत्ता में आने पर गोमती रिवर फ्रंट पर महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा लगवाने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा अध्यक्ष को पिछड़ों और दलितों को ठगने की पुरानी आदत है।

राजभर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा जातीय जनगणना कराने के फैसले ने अखिलेश की नींद उड़ा दी है। वह भीतर से हिल गए हैं और उन्हें पिछड़ा और दलित वोट बैंक छिटकने का डर सताने लगा है।

राजभर समाज को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं राजभर ने कहा कि जब तक सपा अध्यक्ष सत्ता में रहे, उन्हें कभी महाराजा सुहेलदेव की याद नहीं आई। अब वोट बैंक की राजनीति के लिए राजभर समाज को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन समाज अब उनके झांसे में नहीं आएगा।

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि जो अपने पिता और चाचा का नहीं हो सका, वो राजभर समाज का क्या होगा? सपा अध्यक्ष ने न तो बसपा को छोड़ा, न जयंत चौधरी को, उनकी फितरत केवल ठगने की है। उन्होंने कहा कि वह अखिलेश के साथ रह चुके हैं और उनकी कार्यशैली को अच्छे से जानते हैं।

जनगणना के बाद अखिलेश का वोट बैंक खिसक जाएगा उन्होंने आरोप लगाया कि जातिगत जनगणना के बाद अखिलेश का वोट बैंक खिसक जाएगा। इसलिए, वह अब राजभर समाज को धोखा देने की कोशिश में जुट गए हैं। राजभर ने समाजवादी पार्टी पर दलितों को ‘गुलाम’ समझने का भी आरोप लगाया।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version