UP: राप्ती-गंगा एक्सप्रेस से गिरा छात्र, चेन पुलिंग के बाद भी नहीं रुकी ट्रेन, मुरादाबाद में साथियों का हंगामा

2 Min Read
UP: राप्ती-गंगा एक्सप्रेस से गिरा छात्र, चेन पुलिंग के बाद भी नहीं रुकी ट्रेन, मुरादाबाद में साथियों का हंगामा

राप्ती-गंगा एक्सप्रेस में हरिद्वार से गोरखपुर जा रहा एक छात्र ट्रेन से नीचे गिर गया। दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज गोरखपुर के रक्षा अध्ययन के छात्रों का समूह शैक्षिक टूर से लौट रहा था। इसी दौरान मंडल के नगीना व बुंदकी स्टेशन के बीच में यह हादसा हुआ।

ट्रेन मुरादाबाद पहुंची तो अन्य छात्रों ने इंजन के आगे पटरियों पर बैठकर हंगामा किया। घटना मंगलवार देर रात की है। छात्रों का आरोप था कि साथी के गिरने पर उन्होंने कई बार चेन पुलिंग की लेकिन ट्रेन नहीं रुकी।

धीमी गति पर ही कुछ छात्र उतर गए और साथी की तलाश में जुट गए। आरोप है कि टीटीई व गार्ड से बताने पर भी कोई मदद नहीं मिली। प्रदर्शन कर रहे छात्रों को जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने बमुश्किल समझाया।

कंट्रोल के जरिए डीआरएम समेत वरिष्ठ अधिकारियों तक मैसेज पहुंचा तो तब छात्र शांत हुए। डीआरएम विनीता श्रीवास्तव के निर्देशों पर फौरन पेट्रोलिंग टीम को छात्र का फोटो भेजकर जल्द पता लगाने के लिए कहा गया।

साथ ही एक डॉक्टर की ड्यूटी भी लगाई गई, जिससे फौरन उपचार दिया जा सके। 20-25 मिनट बाद पेट्रोलिंग टीम ने घायल छात्र को ढूंढ निकाला और नजीबाबाद स्वस्थ्य केंद्र पहुंचाया।

वहां से छात्र को बिजनौर के जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। साथी का पता चला तो छात्र फौरन बिजनौर के लिए रवाना हो गए। बिजनौर के जिला अस्पताल पहुंचकर वहां से छात्र को इलाज के लिए मेरठ ले गए।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version