UP: महिला बोली- बेटे की कसम देकर आश्रम ले गए बाबा, अश्लील हरकतें कर दुष्कर्म का किया प्रयास, गिरफ्तार

6 Min Read
UP: महिला बोली- बेटे की कसम देकर आश्रम ले गए बाबा, अश्लील हरकतें कर दुष्कर्म का किया प्रयास, गिरफ्तार

देवराहट थाने के चैन का पुरवा स्थित आश्रम से भाग कर भोगनीपुर थाना पहुंची औरैया के फफूंद की महिला ने एक बाबा पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया था। साथ ही अपने दो देवरों व बाबा के शिष्यों पर मारपीट कर गला दबाकर जान से मारने का आरोप लगाया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी बाबा व उसके उसके एक शिष्य को गिरफ्तार किया है।

देवराहट थानाध्यक्ष सौरभ राणा ने बताया कि शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर जल्लापुर मोड़ के पास से चैन का पुरवा निवासी बाबा हरिओम यादव व दीपक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पुलिस से छिपते हुए भाग रहे थे। इनके खिलाफ शुक्रवार औरैया के फफूंद कस्बा के एक वार्ड में किराये के मकान में रहने वाली महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

बताया था कि उसके पति कोटा राजस्थान में वेल्डर का काम करते हैं। बताया कि एक जून की शाम छह बजे उसके ससुर ने फोन कर घर में एक महात्मा के आने की जानकारी दी। इस पर वह अपनी ससुराल चली गई थी। वहां दो जून की सुबह छह बजे हरिओम यादव, उनके साथी कुंदन, दीपक व चार पांच अन्य लोग आए थे। इन लोगों ने घर में पूजा-पाठ करने के बाद उसके ऊपर कई काली छाया का प्रभाव होने की बात कही। उसे इन सभी से मुक्ति का झांसा देकर अपने दरबार हरिधाम सरकार कालिंद्री तट चैन का पुर्वा आकर प्रसाद चढ़ाने की बात कही।

हरिओम यादव ने पूजा के नाम पर उससे 40 हजार रुपये भी ले लिए। 15 जून की सुबह उसके दो देवर फफूंद स्थित किराये के कमरे पर आए और बेटे की कसम देकर बाबा के आश्रम ले गए। आरोप लगाया है कि वहां बाबा हरिओम यादव पूजा करने के बहाने उसको अलग कमरे में ले गया और पूजा के नाम पर अश्लील हरकतें करते दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध पर बाबा ने उसके देवरों व शिष्य दीपक, कुंदन सहित अन्य को बुलाकर उसके साथ मारपीट कर गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूट कर भाग निकली और गंभीर हालत में भोगनीपुर थाना पहुंची वहां पुलिस ने उसका उपचार करवाया।

बाबा बोला- निर्दोष हूं मैं, षड़यंत्र के तहत फंसाया जा रहा
पुलिस ने बाबा हरिओम यादव को गिरफ्तार करने के बाद कड़ी सुरक्षा में डॉक्टरी परीक्षण करवाने के लिए पुखरायां सीएचसी ले गई। इसके बाद बाबा को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से जेल भेजे जाने के दौरान बाबा ने वार्ता के दौरान कहा कि ये सारे झूठे लांछन तो सनातनियों पर सदा लगते चले आए हैं और लग रहे हैं। सभी बाबाओं पर अंगुली उठाई जा रही है। मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। ये जो महिला को दिबियापुर औरैया का एक नेता साथ में लिए घूम रहा है उसी का षड्यंत्र है। उस नेता ने एक बार उनको फोन करके भी कहा था कि बाबा हम तुमको देख लेंगे।

बाबा के यू ट्यूब पर 9.3 हजार फॉलोअर
चैन का पुरवा निवासी हरिओम यादव अपने आश्रम में दरबार लगाने के साथ सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है। बाबा की ओर से हरिधाम सरकार के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर चैनल भी चलाया जा रहा। जिसको करीब 9300 लोग फॉलो करते हैं। इस चैनल पर बाबा की करीब 1200 वीडियो पोस्ट हैं जबकि बाबा की इंस्टाग्राम आईडी भी हरिधाम सरकार ने नाम से है। यहां भी 3813 लोग बाबा को फॉलो करते हैं। इन सोशल मीडिया एकाउंट्स पर पोस्ट की गई वीडियो व रील में बाबा की ओर से गंभीर से गंभीर बीमारियों का लौंग और एक बोतल पानी से उपचार करने का दावा किया जाता है। इसी के चलते हरिओम यादव का नाम बोतल बाबा के नाम से मशहूर हो गया था। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करता है।

वर्ष 2024 में ग्रामीणों ने दरबार का किया था विरोध
हाथरस में दो जुलाई 2024 को धर्मगुरु भोले बाबा के सत्संग के दौरान हुई भगदड़ में करीब 121 लोगों की जान चली गई थी। इसके कुछ दिन बाद चैन का पुरवा के लोगों ने पुलिस को शिकायत कर हरिधाम सरकार में दरबार लगाए जाने की शिकायत की थी। साथ ही आरोप लगाए थे कि आश्रम में आने वाले श्रद्धालु अपनी प्लास्टिक की बोतलें उनके खेतों में फेंक देते हैं।
इसपर तत्कालीन एसडीएम भोगनीपुर ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की थी। इसमें उनको आश्रम में पार्किंग की व्यवस्था नहीं मिली थी। अधिकारियों ने पार्किंग की व्यवस्था करने के बाद दरबार लगाने व रात में लाउड स्पीकर न बजाने की हिदायत दी थी।
फफूंद थाना जिला औरैया क्षेत्र के एक गांव निवासी 25 वर्षीय महिला को उसके देवर चैन का पुरवा निवासी कथित बाबा हरिओम यादव के पास लाए थे। यहां हरिओम यादव ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद हरिओम यादव व उसके साथ दीपक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को कोर्ट से जेल भेजा गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनको भी गिरफ्तार किया जाएगा। – आलोक प्रसाद, एएसपी

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version